Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राहुल गांधी राम मंदिर जाकर कोई उपकार नहीं कर रहे हैं : गिरिराज सिंह

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संभावित अयोध्या राम मंदिर दौरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के बयान को लेकर प्रतिक्रिया दी। 

राहुल गांधी के अयोध्या राम मंदिर जाने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि अगर राहुल गांधी राम मंदिर जा रहे हैं, तो भगवान राम पर कौन सा उपकार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “राम भगवान पर कोई एहसान नहीं होता, बल्कि व्यक्ति को खुद यह समझ होनी चाहिए कि वह भगवान राम का आशीर्वाद लेने जा रहा है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि अगर राहुल गांधी राम मंदिर जाते हैं, तो उन्हें भगवान राम से आशीर्वाद मांगना चाहिए और यह संकल्प लेना चाहिए कि वे भारत के बारे में बाहर जाकर गलत बातें नहीं करेंगे और भारत माता का सम्मान करेंगे।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने मंगलवार को कहा था कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जल्द ही अयोध्या के राम मंदिर जाएंगे और रामलला के दर्शन करेंगे।

Also Read : सीएम योगी से मुलाकात कर गदगद हुए बादशाह

वहीं, मनसे प्रमुख राज ठाकरे के उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को लेकर दिए गए बयान पर भी केंद्रीय मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। गिरिराज सिंह ने कहा कि राज ठाकरे नफरत की राजनीति करते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज ठाकरे मुंबई में रहते हैं, लेकिन मुसलमानों के सामने उनकी जुबान नहीं खुलती।

गिरिराज सिंह ने चुनौती देते हुए कहा, “अगर राज ठाकरे में हिम्मत है, तो वे मुंबई के माहिम इलाके में जाकर कहें कि सभी मुसलमानों को मराठी बोलनी चाहिए। तभी उन्हें असली हीरो माना जाएगा।

उन्होंने कहा कि केवल चुनिंदा वर्गों को निशाना बनाना साहस नहीं, बल्कि राजनीतिक स्वार्थ है।

केंद्रीय मंत्री के इन बयानों के बाद अयोध्या राम मंदिर, राष्ट्रवाद, भाषा और क्षेत्रीय राजनीति जैसे मुद्दों पर एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज होती नजर आ रही है। फिलहाल कांग्रेस और मनसे की ओर से केंद्रीय मंत्री के इन बयानों को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version