Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नक्सली हमले में दो जवान शहीद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में रविवार को नक्सलियों ने आईईडी का इस्तेमाल करके सुरक्षा बलों के एक ट्रक को उड़ा दिया, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल यानी सीआरपीएफ की की विशेष ‘कोबरा’ ईकाई के दो जवान शहीद हो गए। राज्य पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी दी है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह विस्फोट राज्य की राजधानी रायपुर से चार सौ किलोमीटर दूर सुरक्षा बलों के सिलगेर और टेकलगुडेम शिविरों के बीच टिम्मापुरम गांव के पास दोपहर करीब तीन बजे किया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन’ की 201वीं बटालियन के एक अग्रिम दल ने टेकलगुडेम की ओर सड़क सुरक्षा ड्यूटी के तहत जगरगुंडा पुलिस थाने की सीमा के तहत सिलगेर शिविर से गश्त शुरू की थी। सुरक्षाकर्मी एक ट्रक और मोटरसाइकिल पर सवार थे। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने ट्रक को निशाना बनाकर आईईडी धमाका किया, जिसमें कांस्टेबल शैलेंद्र और ड्राइवर विष्णु आर की जान चली गई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि धमाके की सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए और शवों को जंगल से बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।

Exit mobile version