Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आप के स्टार प्रचारकों में केजरीवाल और सिसोदिया भी

Aap Delhi seats

Aap Delhi seats

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत मिलने की संभावनाओं के बीच पार्टी ने शनिवार को दिल्ली और हरियाणा के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। इसमें अरविंद केजरीवाल का भी नाम शामिल है और उनके साथ दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद मनीष सिसोदिया का भी नाम शामिल है। मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल का नाम भी इस सूची में है।

गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शराब नीति से जुड़े कथित घोटाले के मामले में पिछले करीब डेढ़ महीने से जेल में बंद हैं। उनकी पार्टी के सहयोगी और पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी इसी मामले में करीब सवा साल से जेल में बंद हैं। बहरहाल, राजधानी दिल्ली में लोकसभा चुनाव को लेकर नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 29 अप्रैल से शुरू हुई ये प्रक्रिया छह मई तक चलेगी और 25 मई को वोट डाले जाएंगे।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस तालमेल करके चुनाव लड़ रहे हैं। आप चार सीटों पर और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वह लोकसभा चुनाव में प्रचार की जरुरत को देखते हुए अरविंद केजरीवाल की अंतरिम जमानत याचिका पर विचार करने को तैयार है। इस मामले पर सात मई को सुनवाई होगी।

Exit mobile version