Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राष्ट्रपति भवन के पास ‘आप’ ने निकाला ‘तिरंगा मार्च’

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के शुक्रवार शाम को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने राष्ट्रपति भवन के पास तिरंगा मार्च निकाला और कहा कि यह तय करना केंद्र सरकार का काम नहीं है कि जनता राष्ट्रीय ध्वज कहां फहराए।

‘आप’ की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने हाथों में तिरंगा लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की मौजूदगी में नॉर्थ एवेन्यू में मार्च निकाला।

भारद्वाज ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा सरकार और पुलिस यह तय नहीं कर सकती कि नागरिक राष्ट्रीय ध्वज कहां फहराएं? यह उनका काम नहीं है। हमने यहां ध्वज फहराया। हम शाम को कॉजपा के मार्च में भी शामिल होंगे… जहां भी तिरंगा फहरा सकते हैं, लोगों को वहां फहराना चाहिए।

Also Read : मुझे आज रात या कल हिरासत में लिया जा सकता है : दीपके

कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बृहस्पतिवार को लोगों से कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च में शामिल होने की अपील की थी।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन करने के मुद्दे पर दिल्ली पुलिस के साथ गतिरोध के बीच उन्होंने यह अपील की थी।

हालांकि, नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने ‘‘प्रशासनिक कारणों’’ से शुक्रवार और शनिवार को सेंट्रल पार्क आम लोगों के लिए बंद रखने की घोषणा की है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने कहा है कि वह किसी उपयुक्त स्थान पर चुनिंदा लोगों के समूह को राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति देने की व्यवस्था कर सकती है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version