नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सुप्रीम और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री विधानसभा चुनाव के बीच ऐसा आरोप लगाया है, जैसा आजाद भारत में कभी सुनने को नहीं मिला। उन्होंने हरियाणा की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह दिल्ली में नरसंहार करना चाहती थी। केजरीवाल ने कहा है कि जैसे दूसरे विश्व युद्ध में अमेरिका ने हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम गिराया था उसी तरह हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी में जहर मिला कर दिल्ली के हजारों, लाखों लोगों को मार डालने की साजिश रची थी।
केजरीवाल ने सोमवार को कहा, ‘दिल्ली के लोगों को पीने के लिए पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मिलता है। यमुना में हरियाणा से पानी दिल्ली में आता है। भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है। हालांकि, जल बोर्ड ने उस पानी को दिल्ली में आने से रोक दिया’। केजरीवाल ने आगे कहा, ‘भाजपा सरकार ने पानी में ऐसा जहर मिलाया है, जिसे जल उपचार संयंत्रों द्वारा भी साफ नहीं किया जा सकता है। इससे दिल्ली के एक तिहाई हिस्से में पानी की कमी हो गई है’। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली में अफरा तफरी मचाने के लिए ऐसा किया गया है ताकि दिल्ली के लोग मरें और इसका दोष आप पर आए’।
इस बीच खबर है कि दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्रियों की ओर से चुनाव आयोग को एक ज्ञापन दिया गया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि हरियाणा से दिल्ली को मिलने वाले पानी में अमोनिया की मात्रा बढ़ गई है। इससे दिल्ली में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। आयोग ने हरियाणा सरकार को 28 जनवरी, दोपहर 12 बजे तक तथ्यात्मक रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
वैसा यमुना में अमोनिया की मात्रा बढ़ना और जलापूर्ति प्रभावित होना कोई नई बात नहीं है। लेकिन इस बार केजरीवाल ने दावा किया है कि जान बूझकर हरियाणा सरकार ने पानी को जहरीला किया है, जिसे जल बोर्ड के इंजीनियरों ने पकड़ लिया और दिल्ली में नहीं आने दिया। केजरीवाल का दावा है कि पानी में ऐसा जहर मिलाया गया है, जिसे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में भी साफ नहीं किया जा सकता था और दिल्ली में इसे पीकर हजारों लोग मर सकते थे। उन्होंने भाजपा पर गंदी राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने हिरोशिमा और नागासाकी का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे काम दो देशों की लड़ाई में होते थे लेकिन भाजपा ने दिल्ली में ऐसा काम किया।