Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आतिशी नहीं गहलोत फहराएंगे झंडा

नई दिल्ली। ऐसा लग रहा है कि दिल्ली सरकार और दिल्ली के उप राज्यपाल के बीच किसी भी मुद्दे पर सहमति बनना संभव नहीं है। उप राज्यपाल दिल्ली की चुनी हुई सरकार के हर फैसले को बदलते रहते हैं। अब उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को झंडा फहराने के मामले में भी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का फैसला पलट दिया है। उन्होंने कहा है कि आतिशी नहीं, बल्कि कैलाश गहलोत 15 अगस्त को झंडा फहराएंगे।

गौरतलब है कि दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में हर साल 15 अगस्त को मुख्यमंत्री झंडा फहराते हैं। लेकिन इस बार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल में हैं। इसलिए उनकी जगह दिल्ली के गृह मंत्री कैलाश गहलोत झंडा फहराएंगे। यह नाम उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने तय किया है। इससे पहले शराब नीति मामले में तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आतिशी का नाम दिया था, लेकिन दिल्ली सरकार के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट ने इसे खारिज कर दिया।

विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव नवीन कुमार ने राज्य सरकार के मंत्री गोपाल राय को चिट्ठी लिख कर कहा कि आतिशी के झंडा फहराने का निर्देश कानूनन सही नहीं है। गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने छह अगस्त को जेल से उप राज्यपाल वीके सक्सेना को चिट्ठी लिखी थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि इस बार 15 अगस्त को मंत्री आतिशी झंडा फहराएंगी। हालांकि, उप राज्यपाल कार्यालय ने मुख्यमंत्री की ओर से कोई भी पत्र मिलने की बात से इनकार किया था। इसके बाद तिहाड़ जेल अधिकारियों ने केजरीवाल को कहा कि उनका पत्र जेल के बाहर भेजे जाने वाले संवाद की श्रेणी में नहीं आता है।

Exit mobile version