आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया और आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का इस्तेमाल असली मतदाताओं के नाम हटाने और फर्जी नाम जोड़ने के लिए किया जा रहा है।
चार दिवसीय दौरे पर गोवा पहुंचे केजरीवाल ने कहा कि इस मुद्दे ने राष्ट्रीय स्तर पर लोगों को एकजुट किया है और अब हाल के वर्षों में चुनाव जिस तरीके से कराए गए, उस पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
‘आप’ नेता का यह बयान ऐसे समय आया, जब मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में काफी हंगामा देखने को मिला। विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों ने संसद मार्ग से चुनाव निर्वाचन के मुख्यालय तक मार्च निकाला। रास्ते में रोके जाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर गए।
Also Read : विधान परिषद की आठ सीट के लिए 164 उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन
कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दल ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। यह मांग ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की एक खबर को लेकर जारी विवाद के बीच की जा रही है। खबर के अनुसार, निर्वाचन आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े फैसलों और आदेशों को लेकर पिछले 10 महीने में कम से कम 14 बार रिकॉर्ड पर आपत्ति जताई थी।
केजरीवाल ने कहा, “अगले तीन दिन में अलग-अलग लोगों और हमारे कार्यकर्ताओं के साथ मेरी कई बैठकें हैं। लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि राष्ट्रीय स्तर पर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है।”
उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में हुए उन चुनावों के नतीजों पर सवाल उठ रहे हैं, जिनमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भाजपा को जीत मिली।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, “यह सामने आ रहा है कि चुनाव केवल एसआईआर के जरिए जीते गए, जिसमें असली मतदाताओं के नाम हटाए गए और फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़े गए।”
उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह गलत है, यह लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने लोकतंत्र का मजाक बना दिया है।”
केजरीवाल ने बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पूरा देश एकजुट है।
‘आप’ नेता ने कहा, “मैं देश में वोट चोरी के खिलाफ जारी राष्ट्रीय आंदोलन का समर्थन करता हूं। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए।
Pic Credit : UNI
