Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

रेखा गुप्ता 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब से करेंगी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को रवाना

New Delhi, Jun 10 (ANI): Delhi Chief Minister Rekha Gupta addresses a press conference, at BJP Office in New Delhi on Tuesday. (ANI Photo/Ishant Chauhan)

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई की ओर से ‘भाजपा का नारा, नशा मिटाना सारा’ अभियान के तहत निकाली जा रही चार ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के दूसरे चरण में 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब से यात्रा शुरू होगी जिसे दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।

भाजपा पंजाब के महासचिव एवं ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के प्रदेश संयोजक राजेश बाघा ने मंगलवार को बताया कि श्रीमती गुप्ता सबसे पहले गुरुद्वारा श्री ज्योति स्वरूप साहिब में माथा टेकेंगी और छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह तथा बाबा फतेह सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। इसके बाद वह स्थानीय अनाज मंडी में जनसभा को संबोधित करेंगी और फिर यात्रा को रवाना करेंगी।

श्री बाघा ने कहा कि यात्रा के दौरान पंजाब के सामने मौजूद तीन प्रमुख चुनौतियों-नशे की बढ़ती समस्या, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और तहसीलों तथा थानों से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक कथित भ्रष्टाचार-को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान नहीं है, बल्कि नशे के कारण पंजाबी पहचान, सांस्कृतिक मूल्यों, चढ़दी कला की भावना और गुरुओं की धरती की गौरवशाली पहचान पर पड़ रहे कथित खतरे के खिलाफ जनमत तैयार करने का प्रयास है।

Also Read : भीलवाड़ा पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत, आचार्य पुलक सागर से की धर्मचर्चा

भाजपा नेता ने कहा कि नशे की समस्या से परिवार टूट रहे हैं और विशेष रूप से माताओं एवं बहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सेना, खेल और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाला पंजाब का युवा नशे की गिरफ्त में जा रहा है, जिससे अपराध, हिंसा और गिरोह से जुड़ी गतिविधियां बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि उपचार का खर्च उठाने के लिए कई परिवारों को कर्ज लेने या जमीन-जायदाद बेचने तक की नौबत आ रही है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

फतेहगढ़ साहिब से शुरू होने वाली दूसरी यात्रा समराला, पायल, खन्ना, अमलोह, बस्सी पठाना, डेराबस्सी, एसएएस नगर, खरड़, चमकौर साहिब, रोपड़, आनंदपुर साहिब, गढ़शंकर, चब्बेवाल, होशियारपुर, शाम चौरासी, दसूहा, मुकेरियां, उड़मुड़, आदमपुर, बलाचौर, नवांशहर, बंगा और फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी तथा जालंधर में इसका समापन होगा।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version