Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

जम्मू रेलवे स्टेशन के पास बाजार में भीषण आग, करीब 40 दुकानें जलकर खाक

Jammu, Oct 26 (ANI): Firefighters try to douse a fire that broke out in shops at Shiv Market opposite Jammu Railway Station, in Jammu on Monday. (ANI Video Grab)

जम्मू रेलवे स्टेशन के पास एक बाजार में भीषण आग लगने से करीब 40 दुकानें जलकर खाक हो गईं और बाजार का चहल-पहल वाला व्यावसायिक इलाका मलबे में तब्दील हो गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, रविवार रात 10 बजकर 45 मिनट पर शिव मार्केट में आग लगी। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग करीब पांच घंटे तक धधकती रही। इससे बड़े पैमाने पर तबाही हुई और कई दुकानदारों को भारी नुकसान पहुंचा।

अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के एक अधिकारी ने बताया हमें रात करीब 10 बजकर 45 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद सात अग्निशमन केंद्रों से दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों ने कई घंटों तक लगातार प्रयास किए। काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब चार बजे आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद आग दोबारा भड़कने की आशंका को रोकने के लिए कुछ और घंटों तक पानी डालकर आग बुझाने और घटनास्थल को ठंडा करने का काम जारी रहा।

उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर एक दमकल गाड़ी अब भी घटनास्थल पर तैनात है और दमकलकर्मी प्रभावित इलाके पर लगातार नजर रख रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि दुकानों, उनमें रखे सामान और अन्य संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा नुकसान का आकलन जारी है। आग में नष्ट हुई संपत्ति और सामान का सही मूल्य अभी निकाला जा रहा है। इस स्तर पर यह बताना जल्दबाजी होगी कि कुल कितना नुकसान हुआ है।

Also Read : ईशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 से भी बाहर

बहरहाल, अधिकारियों ने बताया कि भीषण आग में करीब 40 दुकानें जलकर खाक हो गईं। इनमें से ज्यादातर दुकानों में खाद्य सामग्री, सूखे मेवे और कंबल बेचे जाते थे।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि किसी दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी और हवा के चलते यह तेजी से पूरे बाजार में फैल गई।

अधिकारियों के अनुसार, बाजार तक पहुंचने का रास्ता संकरा होने के कारण दमकलकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस वजह से प्रभावित दुकानों तक सीधे पहुंचना कठिन हो गया था।

उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने और उसे आगे फैलने से रोकने के लिए दमकल की टीम को बाजार के पिछले हिस्से से पहुंचना पड़ा।

आपातकालीन सेवाओं की लगातार कोशिशों के बावजूद आग कई घंटों तक धधकती रही और उसने दुकानों में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आखिरकार, सोमवार तड़के आग पर काबू पाया जा सका।

आग बाजार में फैलने के साथ ही कई दुकानदार अपनी दुकानों तक लपटें पहुंचने से पहले जितना संभव हो सका, उतना सामान निकालने की कोशिश करते नजर आए। दुकानदारों ने बताया कि आग तेजी से फैलने के कारण बाजार में अफरा-तफरी और बेबसी का माहौल था।

एक दुकानदार बिट्टू शर्मा ने कहा हमने देखा कि आग एक दुकान से दूसरी दुकान तक फैल रही थी और थोड़ी ही देर में हालात पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया। हमने जितना सामान निकाल सकते थे, निकालने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि हमारे पास बहुत कम समय था।

उन्होंने आरोप लगाया कि आग लगने के करीब डेढ़ घंटे बाद दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। उनके मुताबिक, इस देरी से आग पर काबू पाने और दुकानों में रखा सामान बचाने के प्रयासों में बाधा आई। शर्मा ने कहा कि आग से बाजार को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है और कारोबारियों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version