Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नेशनल कांफ्रेंस का अकेले लड़ने का ऐलान

श्रीनगर। विपक्षी पार्टियों के गठबंधन ‘इंडिया’ को एक और झटका लगा है। तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बाद अब नेशनल कांफ्रेंस ने अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी अपने बलबूते जम्मू कश्मीर में चुनाव लड़ेगी। इससे पहले दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी और पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी हैं।

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और श्रीनगर से सांसद फारूक अब्दुल्ला ने अकेल चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव भी लोकसभा चुनाव के साथ हो सकते हैं। इससे पहले कहा जा रहा था कि कश्मीर घाटी की तीन सीटों पर नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी लड़ेंगे, जबकि जम्मू क्षेत्र की दो सीटें कांग्रेस को मिलेंगी।

फारूक अब्दुल्ला के ऐलान के बाद उनकी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री मुश्ताक बुखारी भाजपा में शामिल हो गए। मुश्ताक प्रमुख पहाड़ी नेता हैं। उन्होंने कहा- केंद्र सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर में पहाड़ी जातीय समूह को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने से खुश होकर वे भाजपा में शामिल हुए। जम्मू में भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष रविंदर रैना ने उनका स्वागत किया। गौरतलब है कि राज्य में लोकसभा की पांच सीटें हैं।

Exit mobile version