Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

जीतू पटवारी बने मप्र कांग्रेस अध्यक्ष

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने हिंदी पट्टी के तीन राज्यों में चुनाव हारने के बाद बदलाव की शुरुआत कर दी है। पार्टी ने शनिवार को बड़े बदलाव का ऐलान किया। मध्य प्रदेश में कमलनाथ को हटा कर जीतू पटवारी को कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा आदिवासी नेता उमंग सिंघार को विधायक दल का नेता और हेमंत कटारे को विधायक दल का उप नेता नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में भी पार्टी के सांसद दीपक बैज को फिर से अध्यक्ष बनाने की घोषणा की है, जबकि पूर्व स्पीकर चरणदास महंत को विधायक दल का नेता नियुक्त किया है। उधर राजस्थान में भी बदलाव की शुरुआत हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी रहे नेता को हटा कर सचिन पायलट के करीबी और संगरिया सीट के विधायक अभिमन्यु पुनिया को यूथ कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

बहरहाल, सबसे बड़ा और चौंकाने वाला बदलाव मध्य प्रदेश में हुआ है। कहा जा रहा था कि कमलनाथ लोकसभा चुनाव तक अध्यक्ष बने रह सकते है। लेकिन शनिवार को पार्टी ने उनकी जगह जीतू पटवारी को प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं चौथी बार के विधायक उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि भिंड के अटेर से विधायक हेमंत कटारे उप नेता प्रतिपक्ष बनाए गए हैं। हेमंत के पिता सत्यदेव कटारे भी नेता प्रतिपक्ष रहे हैं और वे ब्राह्मण समाज से आते हैं। कांग्रेस ने अध्यक्ष ओबीसी वर्ग से और नेता प्रतिपक्ष आदिवासी वर्ग से चुना है। उमंग सिंघार आदिवासी समाज से आते हैं और नेता प्रतिपक्ष रहीं जमुना देवी के भतीजे हैं।

Exit mobile version