Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कमलनाथ, दिग्विजय पर मोदी का निशाना

भोपाल/रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मध्य प्रदेश में भाजपा के लिए चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस के दोनों बड़े नेताओं और दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों पर निशाना साधा। उन्होंने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को निशाना बनाते हुए कहा कि प्रदेश के कांग्रेस नेता इस लड़ाई में उलझे हैं कि आगे किसका बेटा मुख्यमंत्री बनेगा। प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ में भी चुनावी रैली को संबोधित किया और राजनांदगांव में स्थित बम्लेश्वरी देवी के मंदिर में जाकर पूजा अर्चना भी की।

बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश में पहले सिवनी फिर खंडवा में चुनावी सभा को संबोधित किया। सिवनी में प्रधानमंत्री ने कहा- कांग्रेस सीएम की कुर्सी के लिए नहीं लड़ रही। नेता इसलिए लड़ रहे हैं कि आगे किसका बेटा कांग्रेस का मुखिया बनेगा। यहां के दो बड़े नेता अपने बेटों को सेट और मध्य प्रदेश को अपसेट करने में लगे हैं। उनका निशाना कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर था।

प्रधानमंत्री मोदी ने खंडवा की चुनावी सभा में कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा- कांग्रेस यहां सरकार बनाने के लिए छटपटा रही है। मध्य प्रदेश को अपनी पार्टी का एटीएम बनाना चाहती है। लोकसभा चुनाव के लिए पूरे एमपी से ट्रैक्टर भर-भर कर लूट करनी है। कांग्रेस पर हमला करते हुए मोदी ने कहा- कांग्रेस ने एमपी को बीमारू राज्य बनाया। अपने भ्रष्टाचार से बहुत बड़े गड्‌ढे में धकेल दिया था। भाजपा ने बहुत मेहनत कर इस गड्‌ढे से बाहर निकाला। इस काम में मेरी पार्टी की तीन-चार पीढ़ियां खप गईं।  कांग्रेस ने हमेशा अपने नेताओं के विकास का सोचा।

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ में भी चुनावी सभा की। इस दौरान राजनांदगांव जिले में उन्होंने मां बम्लेश्वरी मंदिर में पूजा अर्चना की। राजनांदगांव के डोंगरगढ़ में स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर राज्य का एक प्रमुख तीर्थस्थल है। गौरतलब है कि राजनांदगांव सीट से पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।

 

Exit mobile version