Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह को श्रद्धांजलि देने भिण्ड पहुंचे सिंधिया

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार को भिण्ड पहुंचे और विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के बेटे पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुष्पेंद्र का 20 अक्टूबर को गंभीर बीमारी के कारण निधन हो गया था। सिंधिया ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और दुख की घड़ी में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Also Read : पूर्व सांसद अरविंद चौधरी और सपा नेता अनिल यादव भाजपा में शामिल

इसके बाद सिंधिया आर्य नगर स्थित भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया के निवास पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेकर शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान नरवरिया ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मौके पर पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया, पूर्व विधायक रणवीर जाटव, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि सेन जैन और राजेंद्र शर्मा राजे सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इधर, नेशनल हाईवे-719 के चौड़ीकरण की टेंडर प्रक्रिया रद्द होने से नाराज परशुराम सेना के कार्यकर्ता सिंधिया को काले झंडे दिखाने पहुंचे। संगठन के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शन करने जा रहे थे, लेकिन कोतवाली पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन से पहले ही नजरबंद कर लिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि ग्वालियर-भिण्ड-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का काम आगे बढ़ाया जाए और रद्द की गई टेंडर प्रक्रिया के संबंध में स्थिति स्पष्ट की जाए।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version