Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आदित्य ठाकरे के खिलाफ मिलिंद देवड़ा

मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा का चुनाव दिलचस्प होता जा रहा है। राज्य की सबसे प्रतिष्ठा वाली सीटों में से एक वर्ली सीट पर उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे के खिलाफ एकनाथ शिंदे ने अपनी शिव सेना की ओर से राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा को मैदान में उतारा है। वर्ली सीट पर मराठा मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। तभी इस सीट पर शिंदे गुट, उद्धव गुट और राज ठाकरे की पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा। राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने वर्ली सीट से संदीप देशपांडे को टिकट दिया है।

उद्धव ठाकरे की शिव सेना की ओर से आदित्य ठाकरे ने गुरुवार को वर्ली से नामांकन दाखिल किया। इसके एक दिन बाद शिंदे गुट ने मिलिंद देवड़ा को उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 29 अक्टूबर है। माना जा रहा है कि मराठा वोट पर वर्चस्व के लिए शिंदे गुट ने इतने बड़ा नेता को वर्ली से उतारा है। गौरतलब है कि मिलिंद देवड़ा मुंबई के दिग्गज नेता रहे मुरली देवड़ा के बेटे हैं और दो बार सांसद रहे हैं। वे केंद्र में मंत्री भी रह चुके हैं।

Exit mobile version