Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट

मुंबई। मंगलवार को लगाता दूसरे दिन मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे मुंबई और राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे और सतारा में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने मुंबई में 12 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।

मुंबई में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना है। तभी बृहन्नमुंबई महानगर निगम, बीएमसी ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। गौरतलब है कि मुंबई में सोमवार को छह घंटे में 300 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई थी। इस कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण, मुंबई यूनिवर्सिटी में नौ जुलाई को होने वाली सभी परीक्षाएं टाल दी गई हैं। नई तारीखों की घोषणा जल्दी की जाएगी। सभी स्कूल और कॉलेज भी बंद हैं। पुणे, रायगढ़ और नवी मुंबई में भी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।

महाराष्ट्र के अलावा उत्तराखंड में भी तेज बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के कारण जोशीमठ के पास एक पहाड़ का हिस्सा बद्रीनाथ हाईवे पर गिर गया। इस कारण हाईवे को बंद करना पड़ा है। घटना में कोई मारा नहीं गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को इनके अलावा कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, गोवा और कर्नाटक शामिल हैं। पूर्वोत्तर के कुछ अन्य राज्यों के साथ साथ राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट है।

Exit mobile version