Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन ठप्प

मुंबई। देश की वित्तीय राजधानी में रविवार को आधी रात के बाद से लेकर सोमवार सुबह तक ऐसी बारिश हुई की पूरा शहर ठप्प हो गया। रात एक बजे से सोमवार की सुबह सात बजे तक तीन सौ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे शहर के ज्यादातर हिस्सों मे पानी जमा हो गया। रेलवे ट्रैक और हवाईअड्डे पर भी पानी भर गया। तेज बारिश के चलते मुंबई हवाईअड्डे पर दृश्यता भी कम हो गई। तभी रात करीब सवा दो बजे से सुबह 11 बजे तक की 50 उड़ानों को रद्द करना पड़ा।

भारतीय रेलवे की ओर से बताया गया कि रेल लाइन पर पानी भरने के कारण मुंबई डिवीजन की पांच ट्रेन रद्द कर दी गईं। कई लोकल ट्रेन भी देरी से चल रही थीं। इस बीच बृहन्नमुंबई महानगर निगम यानी बीएमसी ने सरकारी और प्राइवेट स्कूल, कॉलेजों में सोमवार के लिए छुट्टी घोषित कर दी। महाराष्ट्र के रायगढ़ फोर्ट में सोमवार सुबह तीन बजे से तेज बारिश हुई, जिसके कारण फोर्ट की सीढ़ी पर तेज रफ्तार से पानी बहने लगा। भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लोगों से अपील की है कि जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें।

इस बीच मौसम विभाग ने सोमवार को 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। उत्तराखंड में पिछले चार दिनों से जारी तेज बारिश के चलते केदारनाथ, बद्रीनाथ हाईवे समेत 115 से ज्यादा सड़कें बंद हो गईं। कई रास्ते भूस्खलन की वजह से तो कुछ बह जाने के कारण बंद हो गए। इसके बाद चार धाम यात्रा रोक दी गई। भारी बारिश की वजह से अलग अलग जगहों पर छह हजार के करीब श्रद्धालु फंसे हैं। गंगा, सहित छह नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं।

Exit mobile version