Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

त्रिपुरा मोथा विधायक की टिप्पणी से भड़का जातीय तनाव

त्रिपुरा में टिपरा मोथा पार्टी (टिपरा) मोथा की विधायक स्वप्ना देबबर्मा ने शुक्रवार को बंगाली युवाओं को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे पूर्वोत्तर राज्य में जातीय तनाव और बढ़ गया है।

गैर-जनजातीय राजनीतिक संगठन ‘आमरा बंगाली’ ने विधायक देबबर्मा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि उन्होंने बंगाली युवाओं को जनजातीय महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाओं से जोड़ा है। इस घटना के करीब एक हफ्ते पहले जनजातीय लोगों के खान-पान और जीवनशैली को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक तफाज्जल हुसैन के बयाने से भी भारी विवाद हुआ था।

संगठन के राज्य सचिव गौरांगा रुद्र पॉल ने देबबर्मा की टिप्पणी को बेहद आपत्तिजनक बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या संविधान की रक्षा की शपथ लेने वाले किसी चुने हुए प्रतिनिधि को ऐसी बातें कहनी चाहिए?

Also Read : आईआईटी खड़गपुर शुरू करेगा बंगला माध्यम में एआई डिग्री पाठ्यक्रम

श्री पॉल ने चेतावनी दी कि इन टिप्पणियों से समुदायों के बीच दूरियां और बढ़ सकती हैं। संगठन ने 18 नवंबर की एक घटना पर भी चिंता जताई, जिसमें एक जनजातीय छात्र से जुड़े बिना पुष्टि किए गए आरोपों के बाद, शहर में पुलिस की मौजूदगी के बीच एक शिक्षक के साथ मारपीट की गयी थी। ‘आमरा बंगाली’ का कहना है कि किसी भी गलत काम के आरोपों की जांच अधिकारियों द्वारा की जानी चाहिए, न कि इसका इस्तेमाल भीड़ द्वारा की जाने वाली हिंसा को सही ठहराने के लिए किया जाना चाहिए।

संगठन ने सोशल मीडिया पर शिक्षक की तस्वीर के साथ की गई अपमानजनक टिप्पणियों की भी निंदा की है। उन्होंने भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आज एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। इसमें शिक्षक के साथ हुई मारपीट की निष्पक्ष जांच, कथित टिप्पणियों पर उचित कानूनी कार्रवाई और सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक पोस्ट के खिलाफ कदम उठाने की मांग की गई है।

संगठन ने मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा से भी अपील की है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और सुनिश्चित करें कि इसे उचित कानूनी प्रक्रिया के जरिए सुलझाया जाए।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version