Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

वक्फ बिल के खिलाफ प्रदर्शन

वक्फ बिल

नई दिल्ली। वक्फ संशोधन बिल संसद से पास होने के बाद शुक्रवार को देश भर में इसके खिलाफ प्रदर्शन हुए। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। मुस्लिम नेताओं और धर्मगुरुओं ने बिल की आलोचना की और इसके खिलाफ लड़ने का ऐलान किया। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हुआ है और उनकी पार्टी के सात मुस्लिम नेताओं ने इस्तीफा दे दिया है। कहा जा रहा है कि कुछ और नेता पार्टी छोड़ सकते हैं। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कम से कम आठ राज्यों में विरोध प्रदर्शन होने की खबर आई है।

गौरतलब है कि बुधवार को आधी रात के बाद लोकसभा में और गुरुवार को आधी रात के बाद राज्यसभा से यह बिल पास हुआ। उसके बाद शुक्रवार को इसके खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गया। जुमे की नमाज के बाद पश्चिम बंगाल, गुजरात, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक और असम में मुस्लिम समाज के लोगों ने सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया। इसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए। उत्तर प्रदेश में पहले से चल रहे तनाव की वजह से सभी 75 जिलों में पुलिस हाई अलर्ट पर है और फ्लैग मार्च कर रही है।

Also Read: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ताशकंद में 150वीं आईपीयू बैठक में होंगे शामिल

वक्फ बिल के खिलाफ देशभर में विरोध

राजधानी लखनऊ में दरगाहों और मस्जिदों की ड्रोन से निगरानी की जा रही है। इस बीच  अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष अशफाक सैफी को वक्फ संशोधन बिल का समर्थन करने पर जान से मारने की धमकी मिली। उनके बहनोई को पीटा गया। दूसरी ओर लखनऊ में पुलिस ने शायर मुनव्वर राणा की बेटी सुमैया राणा को हाउस अरेस्ट किया है। उनके घर के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा है। खबर है कि शुक्रवारर को संभल जामा मस्जिद में नमाज के दौरान दिल्ली से गए तीन लोग मस्जिद के बाहर हवन करने पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है।

उधर गुजरात के अहमदाबाद में सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शुक्रवार को सड़कों पर जुटे। उनके पोस्टर, बैनर पर वक्फ बिल के खिलाफ नारे लिखे हुए थे और उसे वापस लेने की मांग की गई थी। कई जगह नमाजियों ने बांह पर काली पट्टे बांधी हुई थी। भीड़ ने प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी भी की। पुलिस ने 50 लोगों को हिरासत में लिया। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में पार्क सर्कस क्रासिंग में हजारों लोग सड़कों पर जमा हुए। वहां भी वक्फ बिल के खिलाफ नारेबाजी हुई।

इस बीच अदालत ने रामनवमी के जुलूस की इजाजत दे दी है। रविवार को इस जुलूस की वजह से भी तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। भाजपा ने करोड़ लोगों के सड़क पर आने का ऐलान किया है।

बहरहाल, झारखंड की राजधानी रांची में भी हंगामा हुआ और वक्फ बिल वापस लेने की मांग हुई। बिहार में भी बिल के विरोध में लोगों सड़कों पर प्रदर्शन किए। तमिलनाडु में तमिल फिल्मों के सुपर सितारे विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम यानी टीवीके के कार्यकर्ताओं ने बिल का विरोध किया। गौरतलब है कि वक्फ संशोधन बिल गुरुवार, तीन अप्रैल की देर रात राज्यसभा में पास हुआ। बिल के समर्थन में 128 सांसदों ने वोट दिया और विरोध में 95 वोट पड़े।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version