Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पंजाब के राज्यपाल ने इस्तीफा दिया

चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात करने के एक दिन बाद पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने शनिवार को व्यक्तिगत कारणों और कुछ अन्य प्रतिबद्धताओं का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पंजाब की भगवंत मान सरकार के साथ पुरोहित का बड़ा टकराव हुआ था और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। पुरोहित ने राज्य सरकार के विधानसभा सत्र बुलाने को अवैध कर दिया था, जिस पर सर्वोच्च अदालत ने नाराजगी जताई थी। पुरोहित ने पंजाब जैसे संवेदनशील राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने का रिपोर्ट भेजने की भी धमकी दी थी।

बहरहाल, बनवारी लाल पुरोहित ने एक दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। उसके बाद शनिवार को उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा भेज दिया। पुरोहित ने राष्ट्रपति को लिखे गए पत्र में कहा है- अपने व्यक्तिगत कारणों और कुछ अन्य प्रतिबद्धताओं के कारण, मैं पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक के पद से अपना इस्तीफा देता हूं। कृपया इसे स्वीकार करके उपकृत करें।

गौरतलब है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ चल रहे टकराव में पिछले साल अगस्त में बनवारीलाल पुरोहित ने मुख्यमंत्री को एक पत्र भेजा था, जिसमें उन्होंने उन्हें चेतावनी दी थी कि यदि उनके पत्रों का उत्तर नहीं दिया गया तो वे राज्य में राष्ट्रपति शासन की सिफारिश कर सकते हैं और आपराधिक कार्रवाई शुरू कर सकते हैं। उनकी चिट्ठी को लेकर खासा विवाद हुआ था और मान ने उनके ऊपर राज्य के शांतिप्रिय लोगों को धमकी देने का आरोप लगाया था।

Exit mobile version