Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

संगरूर भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला

पंजाब में संगरूर स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय पर रविवार देर रात कथित तौर पर पेट्रोल बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है।

पुलिस के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने कथित रूप से बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर उसे पेट्रोल बम के रूप में तैयार किया और भाजपा कार्यालय की चारदीवारी के भीतर फेंककर मौके से फरार हो गये। घटना में कार्यालय की दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि परिसर में जलने के निशान मिले हैं। सूचना मिलने पर संगरूर के पुलिस अधीक्षक (डी) देविंदर अत्री, पुलिस उपाधीक्षक और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एसपी अत्री ने सोमवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में पेट्रोल से भरी बीयर की बोतल का इस्तेमाल किये जाने की बात सामने आयी है। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना के समय और आरोपियों की पहचान की जा सके। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से नमूने एकत्र किये हैं, जिनकी जांच कर यह पता लगाया जायेगा कि हमले में किस प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल किया गया।

Also Read : विरोध और बहिष्कार के बीच पीओके में मतदान

संगरूर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवजोत ग्रेवाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गयी हैं। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जल्द कार्रवाई की जायेगी। घटना के बाद भाजपा कार्यालय के बाहर सुरक्षा भी बढ़ा दी गयी है।

पंजाब व्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब में भाजपा कार्यालयों पर हमले, भाजपा नेताओं को निशाना बनाने की घटनाएं और अपराधियों के बढ़ते हौसले भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल के “जंगल राज” की पहचान बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि हिंसा के जरिए विपक्ष की आवाज दबाने की हर कोशिश विफल होगी और पंजाब की जनता जानना चाहती है कि राज्य में कानून का राज है या गुंडाराज।

गौरतलब है कि इससे पहले गत एक अप्रैल को चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर भी हैंड ग्रेनेड फेंके जाने की घटना हुई थी। उस मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था और जांच में विदेश में बैठे कथित हैंडलरों तथा प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े लिंक सामने आने का दावा किया था। उस मामले में पुलिस आरोपपत्र भी दाखिल कर चुकी है।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version