Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पंजाब में कांग्रेस विधायक गिरफ्तार

चंडीगढ़। विपक्षी पार्टियों के गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सीट बंटवारे की चर्चा की खबरें हैं लेकिन इस बीच पंजाब की पुलिस ने कांग्रेस के बड़े नेता और पार्टी के विधायक सुखपाल खैरा को गिरफ्तार कर लिया है। सुखपाल खैरा को नशीले पदार्थों की तस्करी और धन शोधन के आरोप में गिरफ्तार किया है। खैरा की गिरफ्तारी के बाद दोनों पार्टियों के बीच विवाद शुरू हो गया है।

इस मामले को लेकर पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। दूसरी ओर भाजपा ने इस घटनाक्रम पर तंज किया है। कांग्रेस नेता खैरा ने आम आदमी पार्टी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर खून का प्यासा होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है- अगर वे मुझे शारीरिक रूप से भी खत्म कर दें, तो मुझे हैरानी नहीं होगी। दूसरी ओर राज्य सरकार ने दावा किया है कि 2015 के फाजिल्का ड्रग्स केस में ताजा सबूत के आधार पर खैरा की गिरफ्तारी हुई।

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा- कानून सभी के लिए समान है… चाहे पार्टी का कोई भी सदस्य हो। गौरतलब है कि राज्य में आप की सरकार है तो कांग्रेस मुख्य विपक्षी पार्टी है। राष्ट्रीय राजनीति में भले दोनों पार्टियां एक दूसरे के साथ हैं और भाजपा के खिलाफ साथ मिल कर लड़ने की बात भी कर रही हैं लेकिन प्रदेश की राजनीति में दोनों पार्टियों ने एक दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है।

Exit mobile version