Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

रेलवे ने बनाया नया कीर्तिमान, आईआरसीटीसी के माध्यम से एक दिन में बुक किये गये 20,06,353 टिकट

रेलवे ने ई टिकट बुकिंग के मामले में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह रिकॉर्ड सात सितंबर को दर्ज किया गया।

इस दिन भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के माध्यम से त्योहारों के मौसम में अग्रिम आरक्षण अवधि (एआरपी) के तहत 20,06,353 टिकट बुक किये गये और इसी के साथ ही एआरपी के तहत अब तक एक दिन में सर्वाधिक टिकट बुक करने का कीर्तिमान बन गया। गत वर्ष त्योहारों के मौसम में 19 अगस्त को एक दिन में सबसे अधिक 18,40,203 टिकट बुक किए गए थे। आठ सितंबर 2026 को भी 19,50,699 टिकट बुक किए गए।

रेलवे ने कहा कि उसने टिकट बुकिंग प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाये हैं और इस दिशा में लगातार काम चल रहा है। इसी क्रम में 15 जुलाई से नयी यूजर इंटरफेस (यूआई) का बीटा संस्करण शुरू किया गया। रेलवे के मुताबिक मौजूदा समय में कुल आरक्षित टिकटों में से करीब 89 प्रतिशत टिकट ऑनलाइन माध्यम से बुक किए जा रहे हैं। अगली पीढ़ी की ई-टिकटिंग (एनजीईटी) की मजबूत बुकिंग प्रणाली एक साथ बड़ी संख्या में टिकटों की बुकिंग को संभाल रही है।

Also Read : पुतिन से मिले मोदी, आर्थिक, रक्षा, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सहयोग पर हुई चर्चा

मौजूदा समय में दिन की कुल बुकिंग में से केवल 8.43 से 14.14 प्रतिशत बुकिंग पहले घंटे यानी सुबह आठ बजे से नौ बजे के बीच पूरी होती है और 85 प्रतिशत से अधिक बुकिंग दिन में बाद में पूरी की जाती है। पहले 15 मिनट यानी सुबह आठ बजे से 8:15 बजे के बीच लगातार सबसे अधिक संख्या में टिकट बुक किए जाते हैं। इससे इस अवधि में एक साथ टिकट बुक करने की सबसे अधिक मांग का पता चलता है।

रेलवे ने कहा है कि एनजीईटी रिफ्रेश और यूआई जैसे बदलावों के बाद यात्रियों के लिए जानकारी को अधिक व्यवस्थित और आसानी से समझ में आने वाले तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिससे उन्हें टिकट बुकिंग की पूरी प्रक्रिया में आसानी होती है। नए इंटरफेस में स्लीपर, एसी 3 टियर और एसी 2 टियर जैसी अलग-अलग यात्रा श्रेणियों में सीट उपलब्धता की जानकारी एक ही स्क्रीन पर दी जाती है। इससे यात्री विभिन्न विकल्पों की तुलना कर सकते हैं, बार-बार अलग-अलग पेज पर जाने की जरूरत कम होती है और वे तेजी से सही निर्णय ले सकते हैं।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version