Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अलवर में भाजपा 65 वार्डों में प्रत्याशी उतारेगी: शर्मा

राजस्थान में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने कहा है कि अलवर नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 65 वार्डों में प्रत्याशी उतारेगी।

श्री शर्मा ने शनिवार को यहां पत्रकारों से कहा कि प्रत्याशियों की पहली सूची 26 अगस्त से पहले जारी होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अलवर नगर निगम सहित जिले की अन्य नगर पालिकाओं में भी जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। भाजपा संगठनात्मक रूप से मजबूत और कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। कार्यकर्ता 24 घंटे चुनावी मानसिकता में रहते हैं, इसलिए पार्टी को चुनाव के लिए अलग से तैयारी करने की जरूरत नहीं पड़ती।

श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यालय पर टिकट के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। एक आवेदक से तीन अन्य नाम भी लिए जा रहे हैं, ताकि उम्मीदवार चयन में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की राय सामने आ सके। उन्होंने पार्टी कार्यालय के माहौल को पारिवारिक और सौहार्दपूर्ण बताते हुए कहा कि टिकट के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साह है, लेकिन टिकट किसी एक व्यक्ति का हो सकता है, चुनाव भाजपा के कमल चुनाव चिन्ह पर ही लड़ा जायेगा।

Also Read : थोक बाजार में चीनी 189 रुपये महंगी, चावल और गेहूं के भी दाम बढ़े

श्री शर्मा ने बताया कि उम्मीदवारों के चयन के लिए मुख्य समिति और चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया है। वार्ड स्तर पर सर्वेक्षण कराया जा रहा है। इसके अलावा पार्टी की ओर से अंदरूनी सर्वेक्षण भी कराया जा रहा है। जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता चयन प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। सर्वेक्षण के बाद किसी कार्यकर्ता को शिकायत या आपत्ति होगी तो मुख्य समिति के स्तर पर उसका निस्तारण किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा की पहली प्राथमिकता यह रहेगी कि जिस वार्ड के लिए जो आरक्षण तय किया गया है, उसी के अनुरूप उपयुक्त उम्मीदवार को टिकट दिया जाए। पार्टी सभी 65 वार्डों में प्रत्याशी उतारेगी और कोशिश होगी कि सभी समाजों को उचित प्रतिनिधित्व मिले। श्री शर्मा ने कहा कि उम्मीदवार चयन पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से करने का प्रयास किया जाएगा और पार्टी कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जायेगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास रहेगा कि टिकट वितरण के बाद कोई कार्यकर्ता बागी होकर चुनाव मैदान में नहीं उतरे। कहीं बगावत की स्थिति बनती है तो मुख्य समिति संबंधित कार्यकर्ता से बातचीत करेगी और नाम वापसी की अंतिम तिथि तक उसे अपना नामांकन वापस लेने के लिए समझाया जाएगा। पार्टी किसी भी स्थिति में संगठन को कमजोर नहीं होने देगी।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version