Rajasthan Winters: इस साल राजस्थान में सर्दी का प्रकोप अपेक्षाकृत कम रहेगा। दिसंबर से फरवरी तक ठंड औसत से कम रहने की संभावना है।
कोल्ड-डे भी पहले की तुलना में कम होंगे। मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली द्वारा जारी फोरकास्ट के अनुसार, इस सीजन में दिन और रात का तापमान औसत से ऊपर बना रहेगा। यह स्थिति पूरे देश में देखी जाएगी।
also read: व्यापार और लाभ का लक्ष्य रखे तब गणतंत्र का सर्वनाश
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कमजोर रहने से ठंड कम(Rajasthan Winters)
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कमजोर रहेगा। नवंबर में चार से अधिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आए, लेकिन उनका प्रभाव ज्यादातर ऊंचाई वाले पहाड़ों तक ही सीमित रहा।
इसके चलते उत्तरी हवाओं का प्रभाव कमजोर है। राजस्थान के ऊपर बनने वाले एंटी साइक्लोन ने भी उत्तरी हवाओं को कमजोर किया है, जिससे दिन और रात का तापमान औसत से ऊपर बना हुआ है।
मौसम के ताजा हालात
मौसम विभाग जयपुर के अनुसार, राज्य में मौसम सूखा और साफ बना हुआ है। बीते 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में और सबसे कम 9 डिग्री सेल्सियस सीकर में दर्ज किया गया।
जयपुर में सुबह 10:30 बजे न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। चमकीली धूप के कारण ठंड का प्रभाव काफी कम महसूस हो रहा है।
इस बार सर्दी की नरमी के चलते दिन और रात के तापमान में असमानता देखने को मिल रही है, जो आमजन और किसानों के लिए राहतभरी खबर हो सकती है।
बीकानेर और जोधपुर का ताजा हाल
बीकानेर में अधिकतम तापमान अब तीस डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। बीते 24 घंटे में ये 28.4 रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
यह सामान्य दिनों से 4.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यानी आमतौर पर बीकानेर में इन दिनों में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। सर्दी तेज रहती है। अभी ऐसा नहीं है। रात में भी लोग ठिठुरते नजर नहीं आ रहे हैं।(Rajasthan Winters)
जोधपुर शहर में भी दिसंबर की शुरुआत के बावजूद कड़ाके की ठंड का असर नहीं है। शहर में अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान अब 15 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बदलाव और नजर आएगा। उत्तरी हवाएं चलने के बाद ठंड का असर बढ़ेगा। इस बार दिसंबर के आखिर में कड़ाके की ठंड रह सकती है।
सीकर में सर्दी बढ़ने की संभावना
सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र, फतेहपुर में आज सुबह न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को भी यहां न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज हुआ था।
फिलहाल मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिसंबर के दूसरे या तीसरे सप्ताह में ठंड का असर बढ़ सकता है।
सीकर में इतिहास और वर्तमान स्थिति
दिसंबर और जनवरी के महीनों में सीकर में अक्सर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला जाता है। हालांकि इस सीजन में अभी तक न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया है। 19 और 20 नवंबर को ही क्षेत्र में घना कोहरा छाया था, लेकिन उसके बाद मौसम साफ बना हुआ है।
राजस्थान का 24 घंटे का मौसम हाल
पिछले 24 घंटों में राजस्थान में सबसे ज्यादा तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस माउंट आबू में रहा।
शेखावाटी क्षेत्र में सीकर और चूरू के न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखी गई। सीकर का न्यूनतम तापमान कल 8.7 डिग्री सेल्सियस और चूरू का 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में भी न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस पर रहा। फिलहाल ठंड की तीव्रता कम है, लेकिन आने वाले हफ्तों में तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।