Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अजय राय के विवादित बयान पर सीएम योगी का कांग्रेस पर तंज

Lucknow, Sep 18 (ANI): Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath addresses a press conference on Next Gen GST at his official residence, in Lucknow on Thursday. (@CMOfficeUP X/ANI Photo)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस नेता अजय राय की अमर्यादित टिप्पणी पर अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को निशाने पर लिया है। सीएम योगी ने कहा कि अजय राय द्वारा अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है। 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विषय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है। पूर्व में कांग्रेस के ‘युवराज’ भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं। कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियापन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है। अब देशवासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं रही है।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा, ”कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अमर्यादित भाषा की ‘बीमारी’ अब पूरी कांग्रेस में नीचे तक फैल चुकी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ चुके हैं। लगातार चुनावी हार ने कांग्रेस को राजनीतिक और मानसिक, दोनों रूप से दिवालिया कर दिया है। दरअसल, कांग्रेस के पास न जनाधार बचा है, न मुद्दे और न ही जनता का विश्वास। इसलिए, वे अब ‘अपशब्दों’ और ‘विषवमन’ को ही राजनीति समझ बैठे हैं। सच यह है कि प्रधानमंत्री पर कांग्रेस नेताओं का कहा हर अपशब्द उसकी लगातार होती राजनीतिक पराजयों की पीड़ा और सत्ता से दूर होने की छटपटाहट का सबूत है। देश की जनता ऐसे अहंकारी और संस्कारविहीन नेताओं को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।

Also Read : तमिलनाडु में 59 साल बाद सरकार में शामिल हुई कांग्रेस

यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एक्स पोस्ट में लिखा, ”जब होने लगे अंत की आहट तो आने लगी शब्दों में गिरावट, देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अभद्र टिप्पणी कांग्रेस की बौखलाहट, निराशा और राजनीतिक दिवालियेपन को दर्शाती है।

इतना ही नहीं उन्होंने कांग्रेस नेता अजय राय को वह दिन भी याद दिलाया जब वह बीमार थे और प्रधानमंत्री ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की थी। पंकज चौधरी ने लिखा, ”बीमार होने पर जिस प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक रूप से अजय राय जी के स्वस्थ होने की कामना की थी, आज उसी जनसेवक को ये अपशब्द कह रहे हैं। दुकान ‘मोहब्बत’ की और नीयत इतनी कड़वी? जब जनता के हित, विकास कार्यों और राष्ट्र निर्माण के मुद्दों पर बोलने के लिए कुछ नहीं बचता, तब कांग्रेस के नेता मर्यादा भूलकर व्यक्तिगत टिप्पणी और अमर्यादित भाषा का सहारा लेते हैं। देश की जागरूक जनता ऐसे अपमानजनक व्यवहार का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से अवश्य देगी।

बता दें कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह प्रधानमंत्री मोदी के लिए अभद्र टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि अजय राय कार में बैठे हुए हैं। जैसे ही उनकी कार आगे बढ़ती है, तब वे कार के पास खड़े लोगों से प्रधानमंत्री के बारे में अपशब्द कहते हैं। उनके इस अमर्यादित टिप्पणी को लेकर भाजपा हमलावर हो गई है।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version