Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सपा विधायक दारा सिंह चौहान का यूपी विधानसभा से त्यागपत्र

UP Assembly Resignation:- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक दारा सिंह चौहान ने शनिवार को विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया। विधानसभा अध्‍यक्ष सतीश महाना के कार्यालय ने त्यागपत्र प्राप्त होने की पुष्टि की है। विधानसभा अध्‍यक्ष भेजे पत्र में चौहान ने लिखा, ‘मैं दारा सिंह चौहान मऊ जिले की घोसी सीट-354 से विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देता हूं।’

विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने एक बयान में बताया कि मऊ जिले की घोसी सीट-354 से विधायक दारा सिंह चौहान ने आज दिनांक 15 जुलाई 2023 को विधानसभा की सदस्यता से अपना त्यागपत्र माननीय अध्‍यक्ष विधानसभा की सेवा में प्रस्तुत किया है। चौहान भाजपा की पिछली सरकार (2017-2022) में मंत्री थे, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले वह समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गए थे।

दारा सिंह चौहान के इस्तीफे को सपा के लिए झटका माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में अटकलें लगाई जा रही हैं कि एक बार फिर वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। (भाषा)

Exit mobile version