Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

महिला आरक्षण के लिए पीएम मोदी ने किए प्रयास, विपक्ष ने रची साजिश : सीएम योगी

CM Yogi Adityanath

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा ‘महिला सम्मेलन’ में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा प्रहार भी किया। 

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी सिक्किम और पश्चिम बंगाल के दौरे के बाद सीधे काशी पहुंचे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि समाज में केवल चार ही प्रमुख वर्ग हैं, नारी, गरीब, युवा और अन्नदाता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दृष्टिकोण व्यापक है और इसके सकारात्मक परिणाम विभिन्न क्षेत्रों में देखने को मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी को लेकर पहले जो धारणा थी, वह अब पूरी तरह बदल चुकी है और यह शहर आज दुनिया भर के आकर्षण का केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास और विरासत का सुंदर समन्वय देखने को मिल रहा है और काशी आज नए स्वरूप में वैश्विक मंच पर उभर रही है।

Also Read : मां बनने से पहले दिव्यांका त्रिपाठी-नेहा मर्दा संग डांस वीडियो ने जीता फैंस का दिल

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 10 से 12 वर्षों में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए व्यापक अभियान चलाया है। उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया, लेकिन विपक्ष ने साजिश के तहत इसका विरोध किया।

उन्होंने कांग्रेस, सपा और विपक्ष पर आरोप लगाया कि इनके प्रति आधी आबादी में नाराजगी दिखाई दे रही है, जबकि दूसरी ओर महिलाएं बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त कर रही हैं। हाल के वर्षों में काशी का विकास अभूतपूर्व रहा है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अब तक 35 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। साथ ही 20 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं और 6 हजार करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का जल्द लोकार्पण किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का काशी में आगमन पर स्वागत भी किया।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version