उत्तराखंड कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत पर शुक्रवार को विभिन्न गंभीर आरोप लगाने वाली सिक्किम निवासी महिला जैनी की शिकायत की जांच महिला पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) वंदना वर्मा को सौंपी गयी है।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोभाल ने शनिवार को बताया कि वादिनी इंदिरा डेंजी उर्फ जैनी द्वारा पुलिस मुख्यालय को भेजा गया एक प्रार्थना पत्र देहरादून पुलिस को मिला है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2003 में तत्कालीन मंत्री हरक सिंह रावत ने उनसे दुष्कर्म किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया। यह भी आरोप है कि घटना के समय आरोपी ने अपनी राजनीतिक पहुंच और सरकार में प्रभाव का इस्तेमाल कर मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने दी।
Also Read : पैराग्वे के राष्ट्रपति बने पेद्रो अलियाना
एसएसपी ने बताया कि शनिवार को मिले प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में उनका 23 वर्षीय बेटा अपनी पहचान के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने अपने बेटे का डीएनए टेस्ट कराने और वर्ष 2003 के इस प्रकरण में विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि डीएनए जांच पितृत्व की पुष्टि के लिए की जाती है।
श्री डोभाल ने स्पष्ट किया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डोईवाला की महिला क्षेत्राधिकारी (सीओ) वंदना वर्मा को पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
Pic Credit : UNI
