Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नमामि गंगे प्रोजेक्ट में करंट से 15 की मौत

देहरादून। उत्तराखंड के चमोली में अलकनंदा नदी के किनारे नमामि गंगे प्रोजेक्ट के एक प्लांट में करंट फैलने से 15 लोगों की मौत हो गई है। सुबह साढ़े 11 बजे के करीब करंट फैला, जिसकी चपेट में 22 लोग आ गए। इनमें से 15 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक पुलिस सब इंस्पेक्टर में और तीन होम गार्ड जवान शामिल हैं। हादसे में घायल हुए सात लोगों में से दो की हालत गंभीर हैं। उन्हें हेलीकॉप्टर से ऋषिकेष एम्स ले जाया गया। अन्य पांच का इलाज गोपेश्वर अस्पताल में चल रहा है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार शाम चमोली पहुंचकर घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने घटना की जांच मजिस्ट्रेट से कराने के आदेश दिए हैं। साथ ही हादसे में मरने वालों के परिजनों को पांच लाख और घायलों को एक लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम राहत के लिए वहां मौजूद है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के चमोली में करंट लगने से 15 लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा- मैंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात कर घटना की जानकारी ली। प्रशासन घायलों को उपचार पहुंचाने में जुटा है। परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं, घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करता हूं।

Exit mobile version