बोतलबंद पेयजल बेचने वाली कंपनी बिस्लेरी ने पश्चिम बंगाल के नमूनों की जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए नमूना संग्रह और जांच रिपोर्ट की समीक्षा की मांग की है।
भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की जांच में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा स्थित बिस्लेरी प्लांट में तैयार पैकेज्ड पेयजल के पीबी201 बैच के नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी पाई गई थी। नियामक ने गत 12 अगस्त को इस बैच की बिक्री पर रोक लगा दी थी।
बिस्लेरी ने शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कि इस आदेश के बाद उसने इस बैच की बोतलों को वापस मंगा लिया है। उसने दावा किया कि एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त दो स्वतंत्र प्रयोगशालाओं में उसी बैच के नमूनों की जांच में पाया गया कि ये नमूने कोलीफॉर्म बैक्टीरिया और खाद्य सुरक्षा से जुड़े अन्य सभी मानकों पर खरा उतरता है।
Also Read : मुशफिकुर रहीम फरवरी 2027 में टेस्ट क्रिकेट से लेंगे संन्यास
कंपनी ने मांग की है कि नियमित जांच और स्वतंत्र जांच के नतीजों में आए इस अंतर की गहन समीक्षा की जानी चाहिए। बिस्लेरी ने एफएसएसएआई से आग्रह किया है कि वह नमूना लेने की प्रक्रिया, परीक्षण के तरीकों, प्रयोगशाला के नतीजों और उन सभी कारकों की जांच करे, जिनकी वजह से नतीजों में यह अंतर आया है। उसने कहा हमारी अपेक्षा है कि इस मामले का आंकलन उन्हीं मानकों के आधार पर किया जाए जो पूरे उद्योग में लागू होते हैं।
बिस्लेरी ने कहा है कि वह तथ्यों का पता लगाने के लिए एफएसएसएआई के साथ पूरा सहयोग करना जारी रखेगी। उसने बताया कि वह अपनी 10-चरण की प्रक्रिया के दौरान 90 से अधिक कड़े गुणवत्ता परीक्षण करती है, और बिस्लेरी का पानी पीने के लिए पूरी तरह सुरक्षित है।
Pic Credit : UNI
