पश्चिम बंगाल में मागरहाट पश्चिम क्षेत्र से तृणमूल विधायक श्री शमीम अहमद की तलाश में पुलिस व अपराध अनुसंधान शाखा (सीआईडी) ने डायमंड हार्बर के हिंचे बेरिया स्थित उनके आवास पर बुधवार आधी रात को छापा मारा। हालांकि छापे में श्री अहमद अपने घर नहीं मिले।
डायमंड हार्बर के सरिसा में तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय से 1.02 करोड़ रुपये की बरामदगी के बाद आधी रात के इस छापे से बंगाल में नए सिरे से सियासी अटकलें तेज हो गई हैं। इस बरामदगी के बाद शुरु हुई जांच में विधायक का नाम आया था।
जानकार सूत्रों के मुताबिक पुलिस व सीआईडी की संयुक्त टीम आधी रात को श्री अहमद के घर पहुंची और दरवाजे पर दस्तक देने के साथ तेज आवाज में दरवाजा खोलने को कहा जिससे घर के अंदर के लोग सतर्क हो गए। जांच दल काफी देर तक वहां था और अंदर मौजूद लोगों से संपर्क करने का प्रयास करता रहा। लेकिन कहा जा रहा है कि विधायक छापे के वक्त वहां नहीं थे।
Also Read : सिद्दारमैया का केंद्र पर फंड रोकने का आरोप
श्री अहमद ने किसी भी तरह की अनियमितता में अपना हाथ होने से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर पुलिस राजनीति से प्रेरित मामले में उन्हें फंसाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पार्टी दफ्तर से नकदी बरामदगी की सीबीआई जांच के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया है। जांच में खुद को निशाना बनाए जाने की आशंका जताते हुए उन्होंने एक अलग याचिका दायर कर संभावित गिरफ्तारी से न्यायिक सुरक्षा मांगी है।
उच्च न्यायालय में लंबित दो याचिकाओं के मद्देनजर आधी रात का यह छापा और भी अहम हो जाता है। छापे की परिस्थितियों और जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई के बारे में अभी कुछ साफ नहीं है लेकिन डायमंड हार्बर से श्री अभिषेक बनर्जी के सांसद होने के नाते उनके लोकसभा क्षेत्र में आने वाले सरिसा स्थित पार्टी दफ्तर से नकदी की बरामदगी से खासा सियासी विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इशारों में कहा कि इसके पीछे असली खिलाड़ी कोई और हो सकता है जबकि सांसद ने इसके पीछे साजिश का आरोप लगाया है।
इस पार्टी दफ्तर से जुड़े होने के कारण श्री अहमद भी विवाद की चपेट में आ गए। ऋतव्रत बनर्जी खेमे से उनके जुड़ाव और हाल ही में सुश्री ममता बनर्जी के समर्थन में हलफनामे पर दस्तखत से पैदा हुए हालिया विवाद के बीच विधायक की राजनीतिक स्थिति भी लोगों का ध्यान खींच रही है। इस तरह की सुगुबुगाहट भी है कि हलफनामे पर दस्तखत के बाद उनकी सुरक्षा घटा दी गई है। पुलिस व सीआईडी की छापे की संयुक्त कार्रवाई डायमंड हार्बर में दिनोंदिन तेज होते सियासी विवाद की ही एक और कड़ी है।
Pic Credit : UNI
