समाचार मुख्य

प्रिंस हैरी शाही परिवार से अलग हुए

ByNI Desk,
Share
प्रिंस हैरी शाही परिवार से अलग हुए
लंदन। प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल ने शाही परिवार से अलग होने के लिए औपचारिक समझौते पर दस्तखत कर दिए हैं। इसके तहत उन्हें शाही उपाधि ‘हिज और हर रायल हाइनेस’ यानी एचआरएच उपाधि छोड़नी होगी और उन्हें अपने कामकाज के लिए सार्वजनिक कोष का इस्तेमाल नहीं करने दिया जाएगा। इस समझौते का अर्थ है कि दंपति अब आधिकारिक क्षमता में महारानी का प्रतिनिधित्व नहीं करेगा। प्रिंस और मेगन को अपने घर के रखरखाव पर हुए 22 करोड़ रुपए का खर्च भी वापस करना होगा। बकिंगघम पैलेस ने शनिवार रात एक बयान में कहा- ड्यूक और डचेज ऑफ ससेक्स अपनी एचआरएच उपाधियों का इस्तेमाल नहीं करेंगे क्योंकि अब वे शाही परिवार के कार्यकारी सदस्य नहीं हैं। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने कहा कि यह समझौता कई महीनों की चर्चा के बाद हुआ है और यह उनके पोते व उनके परिवार के आगे बढ़ने के लिए रचनात्मक और सहयोगात्मक तरीका है। महारानी के निजी बयान में कहा गया है- हैरी, मेगन और आर्ची हमेशा मेरे परिवार के बेहद प्रिय सदस्य रहेंगे। उन्होंने ब्रिटेन और पूरे राष्ट्रमंडल के लिए किए गए कामों के लिए दंपति को शुक्रिया करते हुए कहा- उनके हर कदम पर पिछले दो साल से जिस तरह नजर रखी जा रही है, उसकी वजह से उनके सामने आने वाली चुनौतियों को वे समझती हैं और एक अधिक स्वतंत्र जीवन जीने की उनकी इच्छा का समर्थन करती हैं। महारानी ने कहा कि उन्हें खास कर मेगन पर गर्व है जो बहुत जल्दी परिवार का हिस्सा बन गई। उन्होंने कहा- यह मेरे पूरे परिवार की कामना है कि आज के समझौते से दंपती को खुशहाल व शांतिपूर्ण नया जीवन जीने का मौका मिले। पैलेस ने इस बात की पुष्टि की है कि दंपति को आधिकारिक सैन्य नियुक्तियों सहित तमाम शाही कर्तव्य छोड़ने होंगे। पैलेस ने कहा- वे महारानी का अब आधिकारिक रूप से प्रतिनिधित्व नहीं करेंगे लेकिन ससेक्सेज ने स्पष्ट कर दिया है कि वे जो कुछ भी करेंगे वे महामहिम के मूल्यों को बरकरार रखेगा। गौरतलब है कि हैरी और मेगन ने अपनी इस योजना के ऐलान से पूरे देश को चौंका दिया था कि वे ब्रिटेन और उत्तरी अमेरिका के बीच अपना समय बिताने के लिए खुद को शाही भूमिका से अलग कर रहे हैं। दोनों ने महारानी से सलाह मशविरा किए बिना यह घोषणा की थी जिसे ब्रिटेन के शाही खानदान के भीतर बिखराव के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे अपने आठ महीने के बेटे आर्ची के साथ ब्रिटेन और उत्तरी अमेरिका में समय बिताने के लिए यह कदम उठा रहे हैं ।  

Tags :
Published

और पढ़ें