गुवाहाटी। सिक्किम के उत्तरी हिस्से के जेमा में शुक्रवार को सेना का एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस सड़क हादसे में भारतीय सेना के 16 जवानों की मौत हो गई, जबकि चार जवान घायल हो गए। सेना की तीन गाड़ियों के काफिले में शामिल एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तीन गाड़ियों का काफिला चटन से सुबह थंगू की ओर बढ़ा था। जेमा के रास्ते में वाहन एक तीखे मोड़ पर खड़ी ढलान पर फिसल गया।
हादसे के बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया और चार घायल सैनिकों को निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों की मौत हो गई। भारतीय सेना की ओर से मृत जवानों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुर्घटना में जवानों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने ट्विट किया- उत्तरी सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की मौत से गहरा दुख हुआ। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है।