Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

एक दिन में 3,824 नए केस!

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के नए केसेज का बढ़ना थम नहीं रहा है। रविवार को सुबह आठ बजे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से अपडेट किए गए आंकड़ों पिछले 24 घंटे में देश में 3,824 नए केस मिले और पांच लोगों की संक्रमण से मौत हुई। पिछले छह महीने में पहली बार एक दिन में मिले केसेज की संख्या 38 सौ से ऊपर गई है। देश में एक्टिव केसेज की संख्या बढ़ कर 18,389 हो गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार और शनिवार को लगातार दो दिन तीन हजार के करीब केस आए। लेकिन रविवार सुबह के आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटे में नए केसेज की संख्या 3,824 पहुंच गई। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक रोजाना की संक्रमण दर 2.87 फीसदी है, जबकि साप्ताहिक दर 2.24 फीसदी है। महाराष्ट्र और केरल के साथ साथ राजधानी दिल्ली में भी कोरोना के केसेज तेजी से बढ़ रहे हैं।

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को 416 नए केस दर्ज किए गए। यह पिछले सात महीनों में सबसे ज्यादा हैं। दिल्ली में रोजाना संक्रमण की दर 14.37 फीसदी है। यानी सौ आदमी कोरोना टेस्ट करा रहा है तो उसमें से 14 लोग संक्रमित मिल रहे हैं। बहरहाल, देश में मिल रहे रोजाना के केसेज में 90 फीसदी हिस्सेदारी 10 राज्यों की है। केरल में 884, महाराष्ट्र में 669, दिल्ली में 416, गुजरात में 372, हिमाचल में 354, कर्नाटक में 247, तमिलनाडु में 156, हरियाणा में 142, गोवा में 117 और उत्तर प्रदेश में 113 केस शामिल है। इन 10 राज्यों का कुल आंकड़ा 3,470 है।

Exit mobile version