शिमला। गुजरात के बाद आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में तिरंगा यात्रा की है। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिले में विक्टोरिया पुल से पड्डल मैदान तक रोड शो किया। केजरीवाल और भगवंत मान के नेतृत्व में देशभक्ति के गीतों के साथ रोड शो निकला, जिसमें आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता तिरंगा हाथ में लिए उनके साथ चले।
रोड शो के बाद अरविंद केजरीवाल ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा- हिमाचल प्रदेश में आकर अच्छा लगा रहा है। इतने शानदार स्वागत के लिए शुक्रिया। केजरीवाल ने गुजरात में कहा था कि वे भाजपा या कांग्रेस को हराने नहीं, बल्कि गुजरात और गुजरातियों को जीतने आए हैं। इसी तर्ज पर उन्होंने हिमाचल में कहा कि उनको राजनीति नहीं आती। केजरीवाल ने कहा- हमें राजनीति करनी नहीं आती, हमें देशभक्ति आती है। पहले दिल्ली में बदलाव किया, पंजाब में कर रहे हैं और अब हिमाचल में भी बदलाव करेंगे। हमें एक मौका दे दो। आपने दूसरे दलों को भी देख लिया एक बार हमें भी देख लो, आपको अपने आप फर्क दिख जाएगा।
Read also सार्वजनिक शिक्षा स्वास्थ्य का लौटेगा दौर!
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संबोधित किया। मान ने कहा- हिमाचल में आप लोगों से मिलने आए हैं। तब सोचा था कि गली भर भीड़ ही होगी पर यहां आकर आप लोगों ने गद्गद कर दिया। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा- अंग्रेजों ने यहां दो सौ साल की गुलामी दी। भाजपा और कांग्रेस ने हमें पांच-पांच साल लूटा और टुकड़ों में गुलामी दी है। हर बार वहीं भाषण वहीं वादे नया कुछ नहीं। पता था कि पांच साल बाद तो बारी अपने आप आ जाएगी। इन्होंने लूटने के सिवा कोई काम नहीं कया। मान ने कहा- अब भगवान ने अपना झाड़ू भेजा है राजनीति की सफाई करने के लिए। इस बार अपने आप को वोट दें, अच्छी शिक्षा, अच्छी सेहत और बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए वोट दें।