Naya India

अदानी ने गंवाए 4.20 लाख करोड़!

नई दिल्ली। गौतम अदानी अब दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति नहीं रहे। बुधवार से लेकर शुक्रवार की शाम तक यानी तीन दिन में अदानी समूह ने चार लाख 20 हजार करोड़ रुपए गंवाए हैं। खुद गौतम अदानी की संपत्ति 9.20 लाख करोड़ से घट कर 7.88 लाख करोड़ रुपए पर आ गई यानी उनकी निजी संपत्ति 1.32 लाख करोड़ रुपए कम हुई है। इसके बाद वे दुनिया के सबसे अमीर तीसरे व्यक्ति से नीचे गिर कर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। अदानी समूह की कंपनियों सहित कई कंपनियों के शेयरों में गिरावट की वजह से शुक्रवार को शेयर बाजार में निवेश करने वालों के 2.75 लाख करोड़ रुपए डूबे हैं।

अदानी समूह के बारे में अमेरिका की वित्तीय रिसर्च कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट आने के बाद से कंपनी के शेयरों में गिरावट का दौर जारी है। हिंडनबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि कंपनी के शेयरों के भाव कृत्रिम तरीके से बढ़ाए गए हैं और उनमें 85 फीसदी की गिरावट आ सकती है। इतना ही नहीं हिंडनबर्ग ने टैक्स हैवन देशों में सैकड़ों फर्जी कंपनी बनाने और उन कंपनियों के जरिए अदानी समूह के शेयरों में निवेश करने की जानकारी दी है।

इस रिपोर्ट के जारी होने के बाद बुधवार से कंपनी के शेयरों में गिरावट हो रही है। शुक्रवार को अदानी समूह की नौ सूचीबद्ध कंपनियों में भारी गिरावट हुई। कई कंपनियों के शेयरों में गिरावट लोअर सर्किट तक पहुंच गई। अदानी टोटल गैस और अदानी ट्रांसमिशन के शेयरों में 20-20 फीसदी की गिरावट आई। इस बीच गौतम अदानी की नेटवर्थ बुधवार से शुक्रवार तक यानी तीन दिन में 10 फीसदी से ज्यादा कम हो गई है। अदानी को 1.32 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है जिसके बाद वे सबसे अमीर लोगों की सूची में तीसरे से खिसक कर सातवें स्थान पर पहुंच गए।

अदानी समूह की कंपनियों के साथ साथ देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक और इंडिया और सबसे बड़े निजी बैंक आईसीआईसीआई के शेयरों में भी भारी गिरावट हुई है। शेयर बाजार में शुक्रवार को हुई गिरावट के चलते निवेशकों को 2.75 लाख करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है। इस बीच अदानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड का 20 हजार करोड़ रुपए का फॉलोऑन पब्लिक ऑफर, एफपीओ शुक्रवार को खुला। इसका प्राइस बैंड 3,112 से 3,276 रुपए प्रति शेयर तय हुआ। पर शुक्रवार को गिरावट के चलते अदानी एंटरप्राइजेज का शेयर ही 2,768 रुपए पर आ गया। यानी 18 फीसदी गिरावट आ गई।

बहरहाल, बांबे स्टॉक एक्सचेंज में हफ्ते के पांचवें और आखिरी कारोबारी दिन, शुक्रवार को संवेदी सूचकांक 874 अंक से ज्यादा गिरकर 59,330 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 287 अंकों की गिरावट के साथ 17,575 पर आ गया है। लगातार दूसरे कारोबारी दिन शेयर बाजार में इतनी बड़ी गिरावट आई है। सूचकांक के 30 शेयरों में से 22 में गिरावट देखने मिली। वहीं सिर्फ आठ शेयरों में तेजी रही।

Exit mobile version