नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका में कोरोना वायरस का नया वैरिएंट मिलने के बाद पूरी दुनिया में हड़कंप मचा है। दक्षिण अफ्रीका से निकल कर यह नया वैरिएंट कई देशों में पहुंच गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्लुएचओ ने इस पर विचार के लिए शुक्रवार को एक आपात बैठक बुलाई है। इस बीच ब्रिटेन ने शुक्रवार से दक्षिण अफ्रीका और पांच अन्य अफ्रीका देशों से विमानों की आवाजाही बंद करने का ऐलान किया है। भारत में भी अफ्रीकी देशों से आने वालों की जांच और निगरानी के लिए कहा है।
Read also संविधान दिवस पर मोदी का विपक्ष पर हमला
कोरोना के इस नए वैरिएंट बी.1.1.529 को भारत में दूसरी लहर के दौरान कहर मचाने वाले डेल्टा वैरिएंट से भी ज्यादा खतरनाक माना जा रहा है। वैज्ञानिकों ने बताया है कि इस नए वैरिएंट में कुल 50 किस्म के म्यूटेशन हुए हैं। बताया जा रहा है कि 30 म्यूटेशन तो सिर्फ स्पाइक प्रोटीन के हैं, जिसकी वजह से यह ज्यादा तेजी से फैल रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले भी वायरस के किए म्यूटेशन हुए और नए वैरिएंट्स सामने आए लेकिन ज्यादातर वैरिएंट घातक नहीं थे और खुद ब खुद खत्म हो गए। यह नया वैरिएंट अलग बताया जा रहा है।
तभी डब्लुएचओ ने इस पर इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। डब्लुएचओ के प्रवक्ता क्रिश्चियन लिंडमेयर ने कहा है- शुरुआती विश्लेषण से पता चला है कि इस वैरिएंट में कई म्यूटेशन हो रहे हैं। इस पर और अध्ययन करने की जरूरत है। हमें इसका असर समझने में कुछ हफ्ते लगेंगे। उन्होंने कहा कि शोधकर्ता इसे और ज्यादा समझने पर काम कर रहे हैं। लिंडमेयर ने बताया कि शुक्रवार की आपात बैठक के बाद नए वैरिएंट के बारे में डब्लुएचओ दुनिया भर की सरकारों के लिए निर्देश जारी करेगा, जिससे वे आगे के कदम उठा सकेंगे।
Read also कांग्रेस ने प्रधानमंत्री को दिया जवाब
उधर, नए वैरिएंट के फैलने की खबर के साथ ही फ्रांस ने 48 घंटे के लिए दक्षिण अफ्रीका से आने वाली सभी उड़ानों को निलंबित कर दिया है। ब्रिटिश वैज्ञानिकों ने पहले ही बोत्सवाना में मिले नए वैरिएंट को लेकर चेतावनी दी थी और कहा था कि इसमें 32 म्यूटेशन हो रहे हैं, जिस वजह से वैक्सीन भी इसके खिलाफ कारगर नहीं है। इस बीच दक्षिण अफ्रीका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंफेक्शियस डिजीज ने बताया है कि देश में इस वैरिएंट के अब तक 22 केस मिले हैं। इसे वैरिएंट ऑफ सीरियस कंसर्न बताया गया है।
ब्रिटेन ने नए वैरिएंट के खतरे को देखते हुए अफ्रीका के छह देशों से आने वाली फ्लाइट्स पर फिलहाल रोक लगा दिया है। इनमें दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया, बोत्सवाना, जिम्बाब्वे, लिसोथो और एसवाटिनी शामिल हैं। इस बीच दक्षिण अफ्रीका से हांगकांग पहुंचे लोगों में भी इस वैरिएंट का संक्रमण पाया गया है। तभी भारत में भी हांगकांग और बोत्सवाना से आने वाले यात्रियों की जांच के लिए सभी हवाईअड्डों को निर्देश दिए गए हैं। केंद्र सरकार ने राज्यों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जर्मनी ने भी दक्षिण अफ्रीका आने-जाने वाले नागरिकों की यात्रा पर पाबंदी लगाने का फैसला किया है।
Tags :south africa Corona virus