नई दिल्ली। महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच चल रहे सीमा विवाद को सुलझाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को दोनों रज्यों के मुख्यमंत्री से मुलाकात की। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात के बाद अमित शाह ने कहा- सीमा के मुद्दे पर दोनों मुख्यमंत्रियों से बात की, बातचीत अच्छे माहौल में हुई. इस बात पर सहमति बनी कि जब तक सुप्रीम कोर्ट फैसला नहीं करता, कोई राज्य सरकार दावा नहीं करेगी।
अमित शाह ने कहा कि विवाद का समाधान बातचीत से होना चाहिए। बातचीत के लिए दोनों राज्यों के तीन-तीन मंत्रियों की कमेटी बनेगी। उन्होंने कहा- दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच अच्छी सहमति बनी है। इसको राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहिए। सबको सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करना चाहिए। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद को लेकर कई जगह हिंसक झड़प हुई थी।
ध्यान रहे कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच सीमा को लेकर विवाद कई दशक से जारी है। महाराष्ट्र बेलगावी पर दावा करता है। इस इलाके में बड़ी आबादी मराठी भाषी है। महाराष्ट्र ने करीब आठ सौ भाषी गांवों पर दावा किया है जो फिलहाल कर्नाटक का हिस्सा हैं। दूसरी ओर कर्नाटक की ओर से महाराष्ट्र के कुछ इलाकों पर दावा किया जाता है।