शिमला। हिमाचल प्रदेश चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा के बड़े नेताओं के दौरे तेज हो गए हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली के एक दिन बाद मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में प्रचार के लिए पहुंचे। उन्होंने एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर हमला किया। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के पास कुछ नहीं बचा है वह मां और बेटे की पार्टी है। उन्होंने कांग्रेस पर वंशवादी पार्टी होने का आरोप लगाया।
अमित शाह ने हिमाचल को वीरभूमि बताते हुए देवी श्यामला माता को प्रणाम किया और अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने कई बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी और प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का नाम लिए बगैर कहा कि राजा रानी का जमाना गया, जो काम करेगा, उसी का राज चलेगा। गौरतलब कि वीरभद्र सिंह राजा थे और प्रतिभा सिंह अब भी रानी कही जाती हैं। कांग्रेस उनकी कमान में ही चुनाव लड़ रही है।
बहरहाल, केंद्र सरकार की योजनाओं की तारीफ करते हुए अमित शाह ने कहा- केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के तहत महिलाओं के सम्मान में हर घर में शौचालय की व्यवस्था की। हर घर नल की सुविधा से जोड़ा गया और हर घर को गैस कनेक्शन दिया। उन्होंने कहा- विपक्षी पार्टियां 370 हटने के बाद कहा करती थीं कि भारत में खून की नदियां बहेंगी, लेकिन राहुल गांधी को बताना चाहते हैं कि किसी ने कंकड़ तक नहीं उठाया।
कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा- कांग्रेस ने तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के कारण नागा मंदिर का निर्माण किया, न बद्रीनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार किया और न ही महाकाल मंदिर का। जो काम कांग्रेस सरकार 60 साल में नहीं कर सकी है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आठ साल में करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मुकाबला कांग्रेस से है और कांग्रेस में मां-बेटे के सिवाय कुछ बचा ही नहीं।