समाचार मुख्य

गुजरात में कांग्रेसी विधायक का इस्तीफा

ByNI Web Desk,
Share
गुजरात में कांग्रेसी विधायक का इस्तीफा
गांधीनगर। राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की अब तीसरी सीट पर जीत पक्की होती दिख रही है। भाजपा की जीत पक्की करने के लिए कांग्रेस के एक और विधायक का इस्तीफा हो गया है। शुक्रवार को कांग्रेस के विधायक बृजेश मेरजा ने इस्तीफा दे दिया। इससे एक दिन पहले गुरुवार को कांग्रेस के दो विधायकों ने इस्तीफा दिया था और पहले पांच विधायक इस्तीफा दे चुके हैं। इस तरह कांग्रेस के आठ विधायकों के इस्तीफे के बाद अब भाजपा का तीन सीट जीतना पक्का हो गया है। गौरतलब है कि राज्यसभा की चार सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होने हैं। उससे पहले मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस आठ विधायकों ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। सबसे पहले मार्च में कांग्रेस के पांच विधायकों- प्रवीण मारू, मंगल गावित, सोमाभाई पटेल, जेवी काकड़िया और प्रद्युम्न जडेजा ने इस्तीफा दिया था। इसके बाद लॉकडाउन की वजह से चुनाव स्थगित हो गए थे। चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद गुरुवार को दो विधायकों- अक्षय पटेल और जीतू चौधरी ने इस्तीफा दिया। शुक्रवार को एक और विधायक बृजेश मेरजा ने इस्तीफा दे दिया। भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में रमीलोबन बारा, अभय भारद्वाज और नरहरि अमीन को मैदान में उतारा है। दूसरी ओर कांग्रेस ने शक्ति सिंह गोहिल और भरत सिंह सोलंकी को टिकट दिया है। जब मार्च में पहली बार कांग्रेस में बगावत शुरू हुई तो पार्टी ने बाकी विधायकों को राजस्थान के एक रिसॉर्ट में रख दिया था। बहरहाल, पुराने गणित के लिहाज से भाजपा सिर्फ दो सीटें ही जीत सकती थी। पर कांग्रेस के आठ विधायकों के इस्तीफे के बाद अब तीसरी सीट पर भी उसका पलड़ा भारी हो गया है।
Published

और पढ़ें