ताजा पोस्ट

फड़नवीस से मिले अशोक चव्हाण

ByNI Desk,
Share
फड़नवीस से मिले अशोक चव्हाण
मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक चव्हाण अपनी पार्टी को झटका दे सकते हैं। बताया जा रहा है कि वे कांग्रेस से बागी हो सकते हैं। गुरुवार को उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से उनकी मुलाकात हुई है, जिसके बाद से अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि चव्हाण ने कहा है कि फड़नवीस से उनकी मुलाकात राजनीतिक नहीं थी। दोनों की मुलाकात मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ओएसडी आशीष कुलकर्णी के वर्ली स्थित घर पर हुई थी, जहां वे गणपति पूजा में शामिल होने गए थे। गौरतलब है कि जब एकनाथ शिंदे की सरकार को विश्वास मत हासिल करना था उस समय भी अशोक चव्हाण वोटिंग में शामिल नहीं हुए थे। उन्होंने कहा था कि वे ट्रैफिक में फंस गए थे, जिससे समय पर विधानसभा नहीं पहुंच सके थे। चव्हाण सहित कांग्रेस के 10 विधायक उस समय सदन से लापता रहे थे। उससे पहले विधान परिषद के चुनाव में कांग्रेस के सात विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी। तभी कहा जा रहा है कि सात से दस विधायक इस्तीफा दे सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि अशोक चव्हाण अगर भाजपा में शामिल होते हैं तो वे मंत्रिमंडल के अगले विस्तार में मंत्री बन सकते हैं। इस महीने या अगले महीने शिंदे मंत्रिमंडल का विस्तार होना है, जिसमें 23 और मंत्री बन सकते हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस के 44 विधायक हैं। इसलिए अगर सात से 10 विधायक पार्टी छोड़ते हैं तो उनको विधानसभा से इस्तीफा देना पड़ सकता है। महाराष्ट्र कांग्रेस के एक और दिग्गज नेता पृथ्वीराज चव्हाण भी पार्टी से नाराज हैं और उन्होंने हाल ही में पार्टी छोड़ कर राहुल गांधी पर हमला करने वाले गुलाम नबी आजाद से मुलाकात की है। वे भी पार्टी छोड़ सकते हैं।
Published

और पढ़ें