Naya India

गहलोत ने की बड़ी घोषणाएं

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को चुनावी साल का बजट पेश किया। इसमें उन्होंने अनेक लोक लुभावन योजनाओं का ऐलान किया और कहा कि यह भविष्य का बजट है, जिसे 2028 को लक्ष्य करके बनाया गया है। उन्होंने इसमें 25 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की घोषणा की। साथ ही महिलाओं को रोडवेज की बसों में 50 फीसदी छूट दिए जाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने किसानों को हर महीने दो हजार यूनिट बिजली मुफ्त देने का ऐलान किया। हालांकि मुख्यमंत्री ने नए जिलों की घोषणा नहीं की। उन्होंने कहा कि रामलुभाया कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद उस पर विचार करेंगे।

बहरहाल, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तीन घंटे बीस मिनट तक बजट भाषण दिया। यह अब तक का सबसे लंबा बजट भाषण है। पिछले साल भी उन्होंने डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक भाषण दिया था। अपने सवा तीन घंटे से ज्यादा लंबे बजट भाषण में मुख्यमंत्री ने 11 लाख किसानों को हर महीने दो हजार यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का ऐलान किया। अब तक हर महीने एक हजार रुपए की छूट थी, जिसे बढ़ाकर अब दो हजार यूनिट तक कर दिया है।

अनुमान के मुताबिक उन्होंने महिलाओं को रोडवेज की बसों में 50 फीसदी छूट देने का ऐलान किया है। अब महिलाओं को आधा किराया ही देना होगा। उन्होंने कहा कि सभी बोर्ड, निगमों, यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों को भी अब पुरानी योजना के तहत पेंशन मिलेगी। करीब एक लाख कर्मचारियों को इसका फायदा होगा। बजट से हर घर को एक बड़ी राहत बिजली बिलों में मिलेगी। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा है कि अब घरेलू उपभोक्ताओं को 50 की जगह एक सौ यूनिट तक फ्री बिजली मिलेगी।

Exit mobile version