ताजा पोस्ट

भारत जोड़ो यात्रा में दिखा उत्साह

ByNI Desk,
Share
भारत जोड़ो यात्रा में दिखा उत्साह
कन्याकुमारी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे दिन यात्रियों में उत्साह देखने को मिला। रास्ते में बड़ी संख्या में लोगों ने पदयात्रा कर रहे नेताओं का स्वागत किया। लोगों ने राहुल गांधी और उनके साथ चल रहे नारियल पानी पिलाया। रास्ते में लोग तिरंगा झंडा लेकर खड़े थे। कांग्रेस के समर्थन में भी बैनर लेकर लोगों ने राहुल और उनके साथ चल रहे लोगों का स्वागत किया। कांग्रेस की दूसरे दिन की यात्रा में राहुल गांधी के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए। उनके अलावा कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम भी यात्रा में थे।  राहुल गांधी सहज भाव से रास्ते में लोगों से मिलते हुए चल रहे थे। दूसरे दिन भारत जोड़ो यात्रा में शामिल लोगों ने पहले चरण में 13 किलोमीटर की दूरी तय की और सुचिंद्रम पहुंचे। गौरतलब है कि कांग्रेस की यह यात्रा कन्याकुमारी से शुरू हुई है और पांच महीने में कश्मीर में पूरी होगी। इस दौरान यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी। कुल साढ़े तीन हजार किलोमीटर की यात्रा है यह। बहरहाल, यात्रा के कांग्रेस के महासिचव और संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा कि यह यात्रा भारत के लिए जीवरक्षक साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा पार्टी को एक नए अवतार में लाएगी और पार्टी पहले से अधिक आक्रामक व सक्रिय होगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के बाद कांग्रेस के दोस्त और दुश्मन दोनों कांग्रेस को हलके में लेना बंद कर देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा इस यात्रा को लेकर जिस तरह से हमले कर रही है उससे स्पष्ट है कि सत्तारूढ़ दल परेशान है। जयराम रमेश ने कहा कि आज भी देश के कोने-कोने में कांग्रेस की उपस्थिति है। उन्होंने कहा- कांग्रेस सबसे पुरानी पार्टी है और भले ही वह सत्ता में न हो लेकिन वह हर मोहल्ले, कस्बे और गांव में मौजूद है। भाजपा की आलोचना पर उन्होंने कहा- यह भारत जोड़ो यात्रा है। मुझे इसकी कोई परवाह नहीं है कि भाजपा क्या कह रही है। मेरा ध्यान भारत जोड़ो यात्रा पर केंद्रित है। रमेश ने यह भी कहा कि भाजपा के बयानों से स्पष्ट है कि वह इस यात्रा से परेशान है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के तहत सुबह के समय 13 किलोमीटर की दूरी तय की गई और नेताओं को सुचिंद्रम पहुंचने में करीब तीन घंटे लगे।
Published

और पढ़ें