ताजा पोस्ट

भारत जोड़ो यात्रा आज से

ByNI Desk,
Share
भारत जोड़ो यात्रा आज से
नई दिल्ली। कांग्रेस की बेहद महत्वाकांक्षी भारत जोड़ो यात्रा बुधवार से शुरू होगी। कन्याकुमारी में एक बड़े समारोह के साथ कांग्रेस की यह यात्रा शुरू होगी। राहुल गांधी इस यात्रा का नेतृत्व करेंगे। बुधवार को यात्रा की शुरुआत के समय होने वाले कार्यक्रम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी शामिल होंगे। पांच महीने तक चलने वाली इस यात्रा में कांग्रेस के साथ साथ कई सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी हिस्सा लेंगे। सिविल सोसायटी के कई सदस्यों ने यात्रा से पहले अपील जारी करके लोगों से इससे जुड़ने को कहा। कांग्रेस की इस भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पांच महीने में दक्षिण में कन्याकुमारी से लेकर उत्तर में कश्मीर तक 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। यह यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। इसके साथ ही अलग अलग राज्यों में छोटे स्तर पर भारत जोड़ो यात्राएं निकाली जाएंगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह इस यात्रा के समन्वय का कामकाज देख रहे हैं। यात्रा के दौरान राहुल गांधी खासतौर से डिजाइन किए कंटेनर में रहेंगे। उनके साथ एक सौ से ज्यादा लोग लगातार पूरी यात्रा में चलेंगे। यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए दिग्विजय सिंह ने बताया कि राहुल गांधी के साथ 117 लोग पूरी यात्रा में पैदल चलेंगे। उन्हें भारत यात्री कहा गया है। रास्ते में जिन प्रदेशों से यात्रा गुजरेगी वहां के जो लोग इसमें शामिल होंगे उनको प्रदेश यात्री कहा जाएगा। इसके अलावा जिन प्रदेशों से यात्रा नहीं गुजर रही है वहां के भी सौ-सौ लोग इसमें शामिल होंगे और उनको अतिथि यात्रा कहा जाएगा। इस तरह हर समय तीन सौ लोग यात्रा में शामिल होंगे। कांग्रेस की ओर से बताया गया है कि जो लोग राहुल के साथ पूरी यात्रा में चलेंगे उनमें मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और कुछ दिन पहले ही सीपीआई छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुए जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार शामिल हैं। पार्टी के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया, पंजाब सरकार के पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंघला, भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष केशव चंद यादव, पूर्व महासचिव सीताराम लांबा और उत्तराखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी बतौर भारत यात्री राहुल गांधी के साथ पूरी यात्रा में होंगे।
Published

और पढ़ें