ताजा पोस्ट

‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे से विवाद में फंसी यात्रा

ByNI Desk,
Share
‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे से विवाद में फंसी यात्रा
भोपाल। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा एक नए विवाद में फंस गई है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने सोशल मीडिया में एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि यात्रा में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए गए हैं। इसके बाद भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच जुबानी जंग छिड़ी है। कांग्रेस ने कहा है कि भाजपा बौखला गई और इसलिए यात्रा को बदनाम करने की साजिश कर रही है। दूसरी ओर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को मध्य प्रदेश पहुंची और शुक्रवार को यात्रा का तीसरा दिन था। कांग्रेस की यह यात्रा अभी खरगोन जिले से गुजर रही है। पहली बार इस यात्रा में कांग्रेस महसचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल हुई हैं। उनके पति रॉबर्ट वाड्रा, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता इसमें शामिल हैं। मध्य प्रदेश में यात्रा के तीसरे दिन शुक्रवार को एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ का नारा लगाया गया है। कांग्रेस ने इसे भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहे समर्थन पर भाजपा की बौखलाहट बताया। कांग्रेस महासचिव और संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने कहा- भारत जोड़ो यात्रा को अपार जन समर्थन मिलता देख बौखलाई भाजपा ने यात्रा को बदनाम करने के लिए एक डॉक्टर्ड वीडियो चलाया है। हम इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। हम भाजपा के ऐसे घिनौने हथकंडों के लिए तैयार हैं। करारा जवाब दिया जाएगा। दूरी ओर भारत जोड़ो यात्रा के इस वीडियो को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है-भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना, यह भारत जोड़ना है या भारत को तोड़ने वालों को साथ जोड़ना है। पहले भी भारत तोड़ा है, क्या फिर भारत तोड़ने का इरादा है? पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Published

और पढ़ें