ताजा पोस्ट

राहुल की यात्रा में शामिल आदित्य ठाकरे

ByNI Desk,
Share
राहुल की यात्रा में शामिल आदित्य ठाकरे
हिंगोली। राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में सहयोगी दलों के नेताओं के शामिल होने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को शिव सेना के नेता आदित्य ठाकरे इस यात्रा में शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे और राज्य सरकार में मंत्री रहे आदित्य ठाकरे हिंगोली के कलमनुरी में शुक्रवार को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। आदित्य ठाकरे ने राहुल गांधी के साथ पदयात्रा भी की। गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा सात नवंबर को तेलंगाना से निकल कर महाराष्ट्र के नांदेड़ पहुंची। चार दिन के बाद भारत जोड़ो यात्रा शुक्रवार को दिन में पड़ोसी नांदेड़ जिले से हिंगोली में प्रवेश की। बहरहाल, शुक्रवार को आदित्य ठाकरे पार्टी के नेताओं अंबादास दानवे और पूर्व विधायक सचिन अहीर के साथ यात्रा में शामिल हुए। दवे राज्य विधान परिषद में विपक्ष के नेता हैं। उन्होंने भी कांग्रेस सांसद राहुल के साथ पदयात्रा की। यात्रा का शुक्रवार को 65वां दिन था। राहुल गांधी और आदित्य ठाकरे ने पदयात्रा के दौरान रास्ते के दोनों तरफ खड़े लोगों का अभिवादन किया। यात्रा में शामिल लोगों पर नांदेड़ के अर्धापुर तालुका के सेनी गांव में फूल बरसाए गए, जिसके बाद यात्रा चोरम्बा फाटा पर हिंगोली जिले में प्रवेश कर गई। गौरतलब है कि यात्रा के लिए शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को न्योता गया है, हालांकि वे इसमें शामिल होंगे या नहीं यह अभी तक साफ नहीं हुआ है। इससे पहले गुरुवार को कांग्रेस की दूसरी सहयोगी एनसीपी के नेता यात्रा में शामिल हुए। एनसीपी प्रमुख शरद पवार की बेटी और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले गुरुवार की शाम को यात्रा में शामिल हुई थीं।
Published

और पढ़ें