भोपाल। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का शनिवार को मध्य प्रदेश में आखिरी दिन था। रविवार चार नवंबर को राहुल गांधी के नेतृत्व में हो रही यात्रा राजस्थान की सीमा में प्रवेश करेगी। भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश की सीमा से सटे राजस्थान के झालावाड़ जिले के चऊंली गांव में प्रवेश करेगी और 15 दिन में कोटा, बूंदी, टोंक, सवाई माधोपुर, दौसा और अलवर जिले से होते हुए राजस्थान से बाहर निकलेगी।
इस यात्रा से पहले राजस्थान में तमाम विवादों को सुलझा कर यात्रा के अनुकूल माहौल बनाया गया। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच सुलह कराया। अब दोनों गुटों के नेताओं ने चुप्पी साध रखी है। यात्रा राजस्थान पहुंचने से पहले सचिन पायलट ने एक वीडियो भी जारी किया। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को रोकने और उसका विरोध करने की धमकी देने वाले गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय बैंसला भी मान गए हैं। उन्होंने यात्रा को रोकने की चेतावनी जारी की थी।
बहरहाल, कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के सात जिलों की 18 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। इस दौरान यात्रा झालावाड़ व बूंदी जिले से होते हुए टोंक में प्रवेश करेगी। इससे आगे भारत जोड़ो यात्रा सवाई माधोपुर विधानसभा इलाके से बामनवास और लालसोट पहुंचेगी और दौसा में प्रवेश करेगी। उसके बाद यात्रा अलवर पहुंचेगी। जिले की अलवर ग्रामीण, अलवर रामगढ़, राजगढ़ और लक्ष्मणगढ़ विधानसभा होते हुए राज्य से बाहर निकल कर हरियाणा में प्रवेश करेगी।