Nitish kumar met chautala नई दिल्ली। अपनी पार्टी जनता दल यू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के एक दिन बाद रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इंडियन नेशनल लोकदल के नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला से मुलाकात की। इस मुलाकात को तीसरे मोर्चे की तैयारियों से जोड़ कर देखा जा रहा है। इससे पहले चौटाला जब दिल्ली की तिहाड़ जेल से रिहा होकर घर पहुंचे तो जदयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी उनसे मिलने गए थे।
Read also कंधार हवाईअड्डे पर रॉकेट से हमला
केसी त्यागी ने ओमप्रकाश चौटाला के साथ दो घंटे बिताए थे और चौटाला के साथ भोजन किया था। उन्होंने वहीं से चौटाला की बात नीतीश कुमार से कराई थी। रविवार को भी नीतीश जब चौटाला से मिलने गए तो केसी त्यागी उनके साथ थे। चौटाला ने नीतीश को खाने पर बुलाया था, जहां दोनों के बीच बंद कमरे में दो घंटे तक बातचीत हुई। नीतीश एक शॉल लेकर गए थे, जिसे चौटाला को ओढ़ा कर उनका सम्मान किया और चौटाला ने नीतीश कुमार को अपने हाथों से खाना परोसा।
Read also असम-मिजोरम के मुख्यमंत्रियों ने की पहल
ओम प्रकाश चौटाला के साथ नीतीश की मुलाकात में केसी त्यागी के अलावा इनेलो की ओर से पार्टी के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला और उनके बेटे कर्ण चौटाला भी मौजूद थे। माना जा रहा है कि भाजपा के साथ एनडीए में रहते हुए नीतीश अपने लिए अलग राजनीतिक राह तलाश रहे हैं। गौरतलब है कि चौटाला के परिवार में ही विभाजन हो गया है और उनके बेटे अजय सिंह चौटाला और पोते दुष्यंत चौटाला ने जननायक जनता पार्टी बना ली है, जिसका भाजपा से गठबंधन है। दूसरी ओर ओमप्रकाश चौटाला अपने दूसरे बेटे अभय सिंह चौटाला के साथ इनेलो में हैं। इनेलो किसान आंदोलन का समर्थन कर रहा है और इस समर्थन में अभय चौटाला ने ऐलनाबाद सीट से इस्तीफा दे दिया।
Nitish kumar met chautala
Tags :Nitish Kumar