नई दिल्ली। चीन और भारतीय सैनिकों की झड़प पर दिए बयान से राहुल गांधी घिर गए हैं। पूरी भारतीय जनता पार्टी उन पर टूट पड़ी है। रक्षा मंत्री से लेकर भाजपा के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्रियों से लेकर उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों तक ने उन पर हमला किया है। भाजपा के एक राष्ट्रीय प्रवक्ता ने तो कांग्रेस से अपील की है कि वह राहुल गांधी को पार्टी से निकाले। भाजपा के एक दूसरे नेता ने राहुल को जयचंद कहा है तो एक नेता ने कहा है कि वे चीन की भाषा बोल रहे हैं, देश के लोगों को डरा रहे हैं और सैनिकों का मनोबल तोड़ रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- राहुल गांधी का बयान मनोबल तोड़ने वाला है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा- हम जानते हैं कि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी ने कांग्रेस पार्टी के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे। हम जानते हैं कि राजीव गांधी फाउंडेशन को चीनी दूतावास ने किस तरह से आर्थिक मदद और फंडिंग दी है। शायद यही वजह है कि राहुल गांधी बार बार चीन और पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं।
उन्होंने कहा- जब भारतीय सेना डोकलाम में थी, तब राहुल गांधी ने चुपचाप चीनी दूतावास में चीन के अधिकारियों से मुलाकात की थी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब चीनी सैनिक डोकलाम में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे तब राहुल चीन के दूतावास में चाय पी रहे थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा- यह सेना के शौर्य पर सवाल है। हमने विपक्ष में नेताओं की मंशा पर कभी सवाल नहीं उठाया। हमने सिर्फ नीतियों के आधार पर बहस की है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चीन मसले पर राहुल के दिए बयान पर कहा है कि 1962 याद कर लो। चीन ने भारत के कितने क्षेत्र पर कब्जा किया था। राजीव गांधी के समय पिद्दी-पिद्दी से देश भी डराते थे। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी को जयचंद बताया है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे रिमोट-कंट्रोल्ड नहीं हैं और अगर विपक्षी पार्टी देश के साथ खड़ी है, तो राहुल गांधी को उनकी टिप्पणियों के लिए पार्टी से निकाल दिया जाना चाहिए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी के बयान को अमर्यादित बताया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बयान बचकाना, देश विरोधी तत्वों को प्रेरित करने वाला और देश की बहादुर सेना को अपमानित करने वाला है। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने शुक्रवार को राजस्थान में कहा था- चीन ने दो हजार स्क्वायर किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया। हिंदुस्तान के 20 जवानों को शहीद किया। वे हमारे जवानों को अरुणाचल प्रदेश में पीट रहे हैं।