ताजा पोस्ट

देश में अब भाजपा की सरकारें जा रही है: गहलोत

ByNI Desk,
Share
देश में अब भाजपा की सरकारें जा रही है: गहलोत
सीकर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि देश की जनता अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असलियत समझ चुकी है और एक के बाद एक उसकी सरकारें जा रही है। गहलोत आज सीकर जिले के पलसाना में कांग्रेस नेता नारायण सिंह के सम्मान समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी और शाह देश को गुमराह कर रहे है जबकि देश का किसान दुखी है। किसानों की आय दोगुनी करने, युवाओं को नौकरी देने, काला धन वापस लाने सहित कई वायदे किये लेकिन आज किसान आत्महत्या कर रहे है, लोगों की नौकरी जा रही है, व्यापार ठप पड़े है, कालाधन वापस लाने का नाम ही नहीं लिया जा रहा है। देश में यह स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून पर देश में आग लगी हुई है। उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा की असलियत समझ चुकी है और अब देश में उसका सफाया होने लगा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र सहित कई जगह कांग्रेस की सरकारें बनी और अब झारखंड में 29 तारीख को कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने जा रही है जबकि भाजपा की एक के बाद एक सरकारें जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में उनकी सरकार संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेही है और हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार लोगों को पूरी बिजली दे रही है तथा पांच साल तक बिजली के दाम नहीं बढाने की घोषणा की गई है। किसानों पर कोई अतिरिक्त भार नहीं पड़ने दिया जायेगा।
Published

और पढ़ें